गोलाबारी की आड़ में घुसपैठ का प्रयास
एलओसी पर बार-बार सीजफायर का उल्लंघन कर पाकिस्तानी सेना घुसपैठ कराने की फिराक में है, ताकि वह नापाक मंसूबों को अंजाम दे सके। इसको देखते हुए भारतीय सेना ने चौकसी कड़ी कर दी है। पुलिस भी अलर्ट हो गई है।
आतंकियों के ओवर ग्राउंड वर्कर पुलिस के रडार पर हैं। यह कहना है राजोरी-पुंछ रेज के डीआईजी अशोक कुमार अत्री की। उन्होंने मंगलवार को जिला पुलिस लाइन में शहीदी दिवस के कार्यक्रम के बाद इसका खुलासा किया।
डीआईजी ने कहा कि पाकिस्तान की आईएसआई और आतंकवादी संगठनों के आका सीमा पार से घुसपैठ कराने की फिराक में हैं। हालांकि एलओसी हो या फिर अंतरराष्ट्रीय सीमा, भारतीय सेना के जवान पैनी निगाह रखते हुए नापाक हरकत का मुंहतोड़ जवाब दे रहे हैं।
विधानसभा चुनावों में खलल डालने की मंशा
डीआईजी ने बताया कि राजोरी-पुंछ एलओसी पर सीजफायर उल्लंघन के दौरान किसी भी घुसपैठ से इंकार करते हुए कहा कि यह संभव नहीं है।
फिर भी पुलिस कोई रिस्क नहीं ले रही। आगामी विधानसभा चुनावों में खलल डालने की मंशा से भी आतंकी घुसपैठ का प्रयास कर रहे हैं। पुलिस ने दोनों सीमावर्ती जिलों में सभी इंफिल्ट्रेशन रूटों पर कड़ी नजर रखने के साथ आतंकवादियों के ओजीडब्ल्यू पर भी पैनी निगाह रखी है।
डीआईजी के अनुसार पुलिस की एसओजी और स्पेशल ब्रांच के अधिकारियों को निर्देश जारी किए गए हैं कि वह अपने क्षेत्रों में कड़ी नजर रखें। दोनों जिलों में आतंकियों के घुसपैठ के रूटों पर भी कड़ी नजर है।