श्रीनगर। जम्मू कश्मीर पुलिस के कश्मीर जोन के पुलिस महानिरीक्षक (आईजीपी) वीके बिरदी ने आगामी श्री अमरनाथ जी यात्रा, मुहर्रम और अन्य प्रमुख आयोजनों की तैयारियों का आकलन करने के लिए बुधवार को श्रीनगर में पुलिस नियंत्रण कक्ष (पीसीआर) में एक उच्चस्तरीय सुरक्षा समीक्षा बैठक की अध्यक्षता की। प्रवक्ता ने बताया कि अधिकारियों ने समन्वय, संचार और वास्तविक समय की निगरानी बढ़ाने के लिए पिछले अनुभवों का उपयोग करते हुए व्यापक सुरक्षा उपायों पर आईजीपी को जानकारी दी। मुख्य चर्चा बुनियादी ढांचे को मजबूत करने, पर्याप्त जवानों की तैनाती और सभी महत्वपूर्ण बिंदुओं पर सीसीटीवी कैमरे लगाने पर केंद्रित थी। आईजीपी बिरदी ने इन महत्वपूर्ण आयोजनों के दौरान किसी भी व्यवधान को रोकने के लिए खुफिया-आधारित संचालन, समय पर खतरे का आकलन और सक्रिय दृष्टिकोण की आवश्यकता पर जोर दिया।
बैठक में डीआईजी सीकेआर राजीव पांडे, डीआईजी एनकेआर मकसूद उल जमान, डीआईजी एसकेआर जावेद इकबाल मट्टू, एसएसपी पीसीआर कश्मीर, कश्मीर जोन के सभी एसएसपी माैजूद रहेे।