जम्मू-कश्मीरः जाम ने जमकर छकाया, चार दिन बाद घाटी की ओर रवाना किए सैकड़ों ट्रक
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
राष्ट्रीय राजमार्ग पर चार दिन से रोक कर रखे गए सैकड़ों ट्रकों को घाटी की ओर रवाना किया गया। घाटी जाने की अनुमति मिलने पर ट्रकों के चालकों व सह चालकों ने भी राहत की सांस ली। वहीं अचानक सैकड़ों की संख्या में ट्रकों के चलने पर दिन में कई बार जाम की स्थिति पैदा हुई।
गौरतलब है कि चार दिन पहले पहाड़ से पस्सियां गिरने पर राष्ट्रीय राजमार्ग पर वाहनों की आवाजाही बुरी तरह से प्रभावित हुई थी। पुलिस ने घाटी जाने वाले ट्रकों को जम्मू के साथ ही उधमपुर व रामबन के कई इलाकों में रोक दिया था। जहां चालकों व सह चालकों को सुविधाएं न मिलने के कारण काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा था।
राजमार्ग के खुलने पर पुलिस ने सबसे पहले यात्री वाहनों को घाटी की तरफ रवाना किया था। राजमार्ग खुलने पर भी ट्रकों को घाटी की तरफ नहीं जाने दिया गया था। रविवार दोपहर करीब साढ़े 12 बजे पुलिस ने ट्रकों को घाटी की तरफ जाने की इजाजत दी।
सबसे पहले उधमपुर के जखैनी, संगूर, रठियान, बट्टलबालियां, गरनई, मांड, टिकरी में रोके गए सैकड़ों ट्रकों को घाटी की तरफ रवाना किया गया। जब ट्रक राजमार्ग पर चलना शुरू हुए तो कुछ समय के बाद जाम की स्थिति बन गई। इसके बाद रेंग-रेंग कर वाहन घाटी की तरफ रवाना हुए।
जाम के कारण चिनैनी, डोडा जाने वाले वाहनों की आवाजाही पर भी थोड़ा असर पड़ा। चार दिन बाद छोड़े जाने के बाद ट्रकों के चालकों व सह चालकों ने काफी राहत महसूस की। चालकों का कहना था कि अगर उनको ज्यादा दिन रोक कर रखा जाता तो परेशानी बहुत ज्यादा बढ़ जाती, उनके पास मौजूद राशन व राशि अब खत्म होने लगी थी।