नए साल के वेलकम को तैयार कश्मीर, बुकिंग पर भारी छूट
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
कश्मीर की हसीन वादियों में समय से पहले होने वाली बर्फबारी पर्यटन उद्योग के लिए वरदान साबित हुई है। सालभर पर्यटकों की कमी झेलने वाले कश्मीर के पर्यटन उद्योग को बर्फबारी ने उम्मीद का कारण दिया है।
देशभर के पर्यटकों ने नव वर्ष और क्रिसमस मनाने वालों ने अभी से संपर्क करना शुरू कर दिया है। पिछले साल कश्मीर में आए सैलाब के कारण सैलानियों ने कश्मीर छोड़ कर हिमाचल का रुख कर लिया था। इस बार कश्मीर के हालात सामान्य हैं और बर्फबारी भी होने लगी हैं। ऐसे में माना जा रहा है, इस बार सर्दियां कश्मीर के लिए नई उम्मीद लेकर आएगा।
कश्मीर होटल फेडरेशन के महासचिव फैज बख्शी का कहना है कि वर्ष 2015 में बहुत कम पर्यटक आए हैं। इससे होटल उद्योग को काफी नुकसान पहुंचा है, लेकिन वक्त से पहले बर्फबारी होने से उम्मीद जगी है।
फेस्टिवल सीजन में देश और विदेश से काफी पर्यटक आते हैं। पहलगाम, गुलमर्ग और सोनमर्ग तीनों में ही पर्यटक बर्फ का लुत्फ उठाने के लिए आते हैं। गुलमर्ग में सीजन की पहली बर्फबारी हो चुकी है।
ऐसे में पर्यटकों ने संपर्क करना शुरू कर दिया है। खासकर नया साल और क्रिसमस मनाने के लिए पर्यटकों में उत्साह रहता है। अगले दो महीने के लिए कश्मीर के तीन हजार होटलों में 500 होटल बुक हो चुके हैं। यह आंकड़ा अब दिन व दिन बढ़ता रहेगा। हालांकि वह यह दुआ भी कर रहे हैं कि हालात सामान्य रहें।
होटलों में 40 फीसदी की छूट
पर्यटन विभाग भी विंटर टूरिज्म को कैश करने में कोई कसर नहीं छोड़ रहा। विभाग के आह्वान पर कश्मीर के तमाम होटलों में रुकने के लिए 40 फीसदी की छूट दी गई है। विभाग के उप निदेशक पीरजादा जहूर का कहना है कि पर्यटकों के लिए होटलों में 40 फीसदी रुकने के लिए छूट है।
विभाग ने देश के कई हिस्सों में रोड शो किए हैं। इसका लाभ मिलेगा। नवंबर में भी कश्मीर में काफी बर्फबारी होने की संभावना जताई जा रही है।
विंटर टूरिज्म पर फोकस
दरअसल, मौजूदा वर्ष में पर्यटकों की कम संख्या से पर्यटन विभाग भी चिंतित है। इसलिए अब विंटर टूरिज्म पर फोकस किया जा रहा है। इसके लिए कोलकाता में रोड शो किए जा रहे हैं।
देश के अन्य राज्यों में भी रोड शो किए जा रहे हैं। इन रोड शो में लोगों से कहा जा रहा है कि वे लोग विंटर में कश्मीर आएं। इसके लिए होटलों में रहने के लिए 40 फीसदी की छूट दी गई है।