दर्दनाक हादसा: बारिश से जर्जर हुआ मकान गिरने से दंपत्ति समेत बच्ची की मौत
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
तीन दिनों से हो रही बारिश एक परिवार के लिए काल बन गई। लगातार बारिश से मिट्टी से बने कच्चे मकान की छत में पानी जमा हो जाने से उसका एक हिस्सा ढह गया। इस हादसे में घर के अंदर सो रहे एक ही परिवार के तीन लोगों की मौत हो गई। इसमें एक चार साल की बच्ची भी है।
डोडा जिले की काहरा तहसील के टांटा गांव में वीरवार की रात मोहम्मद अब्बास का परिवार भोजन करके सो गया। शुक्रवार सुबह करीब पांच बजे पिछले तीन दिनों की बारिश में भीगकर कमजोर हो गए मकान का एक हिस्सा ढह गया।
इस हादसे में अब्बास (26) उनकी पत्नी तसलीमा बेगम (26) और बेटी आलिया (4) मिट्टी और लकड़ी से बने मकान के मलबे के नीचे दब गए। हादसे के बाद गांव के लोगों ने टांटा पुलिस चौकी में इसकी जानकारी दी। पुलिस और स्थानीय लोगों ने आनन-फानन में मलबे के नीचे दबे लोगों को निकालने के लिए प्रयास शुरू कर दिया। करीब 6.45 बजे मलबे में दबे लोगों को बाहर निकाल लिया गया, लेकिन तब तक पति-पत्नी और मासूम बच्ची ने दम तोड़ दिया था।
पोस्टमार्टम के बाद परिवार को सौंपा जाएंगे शव
एसडीपीओ गंदोह सन्नी गुप्ता ने बताया कि टांटा गांव दूरदराज का इलाका होने से शवों की जांच और पोस्टमार्टम के लिए करीब 28 किलोमीटर दूर अस्पताल ले जाना पड़ता। इसलिए हमने ठाठरी उपजिला अस्पताल से डॉक्टरों की एक टीम को मौके पर बुलाया।
इस हादसे के बाद पूरे गांव में मातम छा गया था। परिवार और ग्रामीणों का रो-रोकर बुरा हाल था। जिला प्रशासन और पुलिस अधिकारियों ने पीड़ित परिवार को शवों का पोस्टमार्टम करवाने के लिए राजी किया। अधिकारियों ने कहा कि इस प्राकृतिक आपदा में मारे गए लोगों के परिवार वालों को मदद मुहैया करवाई जाएगी।
सीएम और डिप्टी सीएम ने हादसे पर जताया दुख
टांटा गांव में मकान ढहने से एक ही परिवार के तीन लोगों की मौत पर मुख्यमंत्री महबूबा मुफ्ती, उप मुख्यमंत्री डॉ. निर्मल सिंह, पूर्व मुख्यमंत्री गुलाम नबी आजाद ने दुख जताया है। उन्होंने पीड़ित परिवार के प्रति शोक संवेदना जताते हुए प्रशासन से उनकी हर तरह की मदद करने के लिए कहा है। इंद्रवाल के विधायक जीएम सरूरी, जेकेपीसी एक्जीक्यूटिव मेंबर मोहम्मद शरीफ नियाज, जनरल सेक्रेटरी अब्दुल मजीद वानी, एमएलसी नरेश कुमार गुप्ता ने भी पीड़ित परिवार के प्रति शोक संवेदना जताई है।