Jammu Kashmir: जम्मू से पठानकोट तक सैन्य स्कूलों में छुट्टी, जी20 बैठक-पाकिस्तान के हालात को लेकर सुरक्षा कड़ी
राजोरी और अखनूर हाईवे के साथ लगते सैन्य स्कूलों में पहले ही 25 मई तक छुट्टी घोषित की जा चुकी है। बताया जाता है कि बुधवार दोपहर कालूचक स्थित आर्मी पब्लिक स्कूल में तय समय से डेढ़ घंटे पहले ही छुट्टी कर दी गई।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
पुंछ के भाटादूड़ियां और राजोरी के केसरी हिल में हाल में हुए आतंकी हमलों, कश्मीर में होने वाली जी20 की बैठक के साथ पड़ोसी देश पाकिस्तान के ताजा हालात को लेकर पूरे जम्मू-कश्मीर में सुरक्षा और कड़ी कर दी गई है। इस दौरान आतंकी हमलों के इनपुट मिलने के बाद बुधवार को जम्मू से पठानकोट तक राष्ट्रीय राजमार्ग के किनारे स्थित सैनिक स्कूलों को अगले आदेश तक बंद कर दिया गया है।
राजोरी और अखनूर हाईवे के साथ लगते सैन्य स्कूलों में पहले ही 25 मई तक छुट्टी घोषित की जा चुकी है। बताया जाता है कि बुधवार दोपहर कालूचक स्थित आर्मी पब्लिक स्कूल में तय समय से डेढ़ घंटे पहले ही छुट्टी कर दी गई। अभिभावकों से बच्चों को ले जाने के लिए कहा गया।
एक-एक कर स्कूल से बच्चों की बसों को निकाला गया। यह भी बताया जा रहा है कि दो लोगों ने कुछ बच्चों से स्कूल के बारे में पूछा। इसके बाद बच्चों ने आकर स्कूल में बताया। उक्त दोनों लोगों के संदिग्ध होने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि सेना की तरफ से इसकी अधिकारिक तौर पर कोई पुष्टि नहीं की गई है।
फिलहाल यही बताया जा रहा है कि अगले आदेश तक जम्मू से पठानकोट तक हाईवे के साथ लगते स्कूलाें में ऑफलाइन कक्षाएं स्थगित कर दी गई हैं। बच्चों को ऑनलाइन कक्षाओं से जुड़ने के लिए कहा गया है।
कठुआ के आर्मी स्कूल में ग्रीष्मकालीन छुट्टियां
कठुआ। जिले में सुरक्षा कारणों से आर्मी स्कूल में ग्रीष्मकालीन छुट्टियों को प्रीपोन कर दिया गया है। वीरवार से एकाएक स्कूल को बंद करने की घोषणा कर दी गई है जिसके बाद अब स्कूल 30 जून को खुलेंगे। ग्रीष्मकालीन अवकाश के चलते स्कूल में होने वाली परीक्षाओं को भी अब छुट्टियों के बाद लिया जाएगा।
पुंछ में बंद रहे आधा दर्जन शिक्षण संस्थान
पुंछ के मोहल्ला पुरानी पुंछ एवं आसपास के क्षेत्रों में बुधवार अलसुबह संदिग्धों की धरपकड़ के लिए चलाए गए तलाशी अभियान के चलते करीब आधा दर्जन शिक्षण संस्थान बंद रहे। वहीं, पुरानी पुंछ चौक से नियंत्रण रेखा से सटे गांव गुलपुर, खड़ी, करमाड़ा, अजोट एवं दिगवार की तरफ सभी प्रकार के वाहनों एवं लोगों की आवाजाही पर रोक लगा दी गई थी।
सुबह होने पर लोगों के आग्रह पर शिक्षा विभाग एवं संबंधित शिक्षण संस्थानों के संचालकों ने बुधवार को शिक्षण संस्थान बंद रखने की घोषणा की। कुछ विद्यार्थियों और शिक्षकों को छोड़ कर अधिकतर स्कूल नहीं पहुंचे। उधर, अलसुबह से पुरानी पुंछ चौक से आगे जाने के लिए बंद किए गए रास्तों एवं सड़क को देर शाम तीन बजे खोल दिया गया।
राजोरी में संदिग्ध दिखने पर चला तलाशी अभियान
राजोरी शहर से सटे बथुनी इलाके में बुधवार सुबह संदिग्ध देखे जाने की सूचना के बाद सेना, सीआरपीएफ और पुलिस ने वृहद तलाशी अभियान चलाया गया। इस दौरान बथुनी, मुरादपुर, ढांगरी और सरानू सहित आसपास के जंगलों को खंगाला गया।
उधर, केसरी हिल में आतंकियों की धरपकड़ के लिए संयुक्त तलाशी अभियान जारी रहा। वहीं, संदिग्धों से पूछताछ जारी है। बक्करवालों ने बथुनी इलाके में कुछ संदिग्धों के देखे जाने की सूचना पुलिस को दी। इसके बाद वृहद पैमाने पर संयुक्त तलाशी अभियान शुरू किया गया।