श्रीनगर में हो सकता बड़ा आतंकी हमला!
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
कश्मीर घाटी में पिछले करीब एक सप्ताह के भीतर आतंकी घटनाओं में बढ़ोतरी देखने को मिली है। पहले घाटी के उत्तरी कश्मीर के कुपवाड़ा जिले से सटी एलओसी पर घुसपैठ के प्रयासों में बढ़ोतरी और फिर दक्षिणी कश्मीर में मुठभेड़ों और अन्य आतंकी गतिविधियों में बढ़ोतरी साफ इशारा करती हैं कि आतंकी अपनी मौजूदगी दिखाने के लिए क्या कर रहे हैं।
वहीं पहले उत्तर और फिर दक्षिण कश्मीर में आतंकी गतिविधियों को ध्यान में रखते हुए श्रीनगर शहर और आसपास के इलाकों में सुरक्षा कवच और मजबूत कर दिया गया है क्योंकि अंदेशा यह लगाया जा रहा है कि अब आतंकी श्रीनगर में किसी बड़ी घटना को अंजाम देकर श्रीनगर में भी अपनी मौजूदगी दर्ज करवा सकते हैं।
जहां एक ओर सेना के 15 कोर के कोर कमांडर लेफ्टिनेंट जनरल सुब्रता साहा ने इस बात को कबूला है कि उत्तरी कश्मीर में खासकर कुपवाड़ा सेक्टर में आतंकियों द्वारा घुसपैठ के प्रयासों में तेजी लाई गई है और अब तक इस वर्ष में ही 12 घुसपैठ के बड़े प्रयास किए गए जिनमें 19 आतंकियों ढेर किया गया था।
वहीं दक्षिणी कश्मीर में हाल ही की आतंकी मुठभेड़ों को देख यह साफ होता है कि आतंकवाद के ग्राफ में बढ़ोतरी हुई है। खुफिया एजेंसियों को मिले इनपुट्स के आधार पर श्रीनगर शहर के साथ साथ शहर के आस पास के इलाकों में सुरक्षाबलों को अलर्ट पर रखा गया है।
आतंकी श्रीनगर में दे सकते हैं किसी घटना को अंजाम
पुलिस सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार उन्हे अंदेशा है कि आतंकी श्रीनगर में किसी घटना को अंजाम दे सकते हैं ताकि अपनी मौजूदगी दर्ज करवा सके। उन्होंने बताया कि इस सबको ध्यान में रखते हुए सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं।
अधिकारी के अनुसार श्रीनगर के लगभग सभी संवेदनशील इलाकों में गश्त बड़ा दी गई है और कई जगहों पर नाके भी लगाए गए हैं जहां हर संदिग्ध वाहनों की तलाशी लेकर उसे जाने दिया जाता है।
उन्होंने यह भी बताया कि इसके अलावा श्रीनगर में दाखिल होने वाले लगभग सभी रास्तों से आने वाले हर संदिग्ध वाहन की तलाशी ली जा रही है। उनके अनुसार शहर की सभी महत्वपूर्ण बिल्डिंग और दफ्तरों की भी सुरक्षा बढ़ा दी गई है।
खासकर नागरिक सचिवालय और हाई कोर्ट के आस पास। उन्होंने बताया कि पुलिस के अलावा अन्य सुरक्षा एजंसियां भी शहर की सुरक्षा को सुनिश्चित बनाए रखने में जुटी हुई हैं।
गौरतलब है कि घाटी में पैदा हालातों और खुफिया एजेंसियों को मिले इनपुट्स को ध्यान में रखते हुए आने वाले कुछ दिन खासकर 15 अगस्त तक सुरक्षा एजेंसियों के लिए काफी महत्वपूर्ण होंगे।