राजोरी। ज़िले के मंजाकोट स्वास्थ्य ब्लॉक के अंतर्गत आने वाले हेल्थ सब सेंटर अग्रती में दिन में ड्यूटी के समय ताले लटकते पाए गए, जबकि मरीजों को दी जाने वाली दवाएं भी बाहर पड़ी हुई मिलीं।
जानकारी के अनुसार उक्त हेल्थ सब सेंटर में मंगलवार को दिन के समय ताले लटकते मिले और लोगो ने इसका वीडियो बनाकर वायरल कर दिया। बताया जा रहा है कि उक्त सब सेंटर में हमेशा ताले ही लटके रहते हैं और महीनेे में कभी कभार ही कोई कर्मचारी आता है। वह थोड़ी देर बाद वापस चला जाता है। इससे गांव के लोगाें को स्वास्थ्य सुविधाएं नहीं मिल रही हैं। उन्हें छोटी से छोटी समस्या के लिए भी राजोरी जीएमसी जाना पड़ता है। इतना ही नहीं, स्वास्थ्य केंद्र में जो दवाएं मरीजों को देने के लिए सप्लाई होती हैं, वे भी नहीं दी जातीं और उनके एक्सपायर होने पर बाहर फेंक दिया जाता है। वहीं मामले का कड़ा संज्ञान लेते हुए सीएमओ राजोरी डॉ. एमएल राणा ने एक कमेटी गठित कर जांच के आदेश जारी किए हैं और जांच रिपोर्ट आने पर दोषी स्वास्थ्य कर्मियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।