जम्मू-कश्मीर: POK पहुंचा हाफिज सईद, बढ़ा आतंकी खतरा
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
जम्मू-कश्मीर में चुनावों से पहले ही पाकिस्तानी आतंकवादी हाफिज सईद ने चुनावों में आतंक बरपाने की कोशिश शुरू कर दी है। इंटेलिजेंस ब्यूरो की रिपोर्ट के मुताबिक मोस्ट वांटेड आतंकी और जमात-उद-दावा के चीफ हाफिज सईद ने पाकिस्तान अधिकृत कश्मीर के मुजफ्फराबाद में अपना नया ठिकाना बनाया है।
सईद ने एक आतंकी प्रशिक्षण शिविर को अपना ऑपरेशनल बेस कैंप बनाया है। एजेंसी के सूत्र ने बताया कि इस कैंप में सईद के आने का मकसद साफ है कि वह जम्मू-कश्मीर में नवंबर अंत में होने वाले विधानसभा चुनाव में खलल डालना चाहता है।
आईएसआई ने दिया हर मदद का आश्वासन
रिपोर्ट के मुताबिक पाकिस्तानी सेना और आईएसआई ने भारत में मोस्ट वांटेड आतंकी सईद को भारतीय क्षेत्र में आतंक फैलाने के उद्देश्य से तैनात किया है जिससे जम्मू-कश्मीर विधानसभा चुनाव में बाधा डाली जा सके।
सूत्रों का कहना है कि पाकिस्तानी सेना और आईएसआई ने इसके लिए सईद को हर संभव मदद देने का आश्वासन दिया है। सूत्र के मुताबिक पाकिस्तानी सेना सीमा पर सीज फायर का उल्लंघन कर आतंकियों की घुसपैठ सुनिश्चित करेगी।
पाकिस्तान के लिए बहुत शर्मिंदगी की बात
बताते चलें कि अगर कश्मीर में सफल चुनाव हो जाता है तो यह पाकिस्तानी सेना के लिए बहुत शर्मिंदगी की बात होगी क्योंकि पाकिस्तान अंतरराष्ट्रीय स्तर पर यह कहता रहा है कि कश्मीर की आवाम वहां चुनाव नहीं चाहती और उन्हें जबरदस्ती इस लोकतांत्रिक प्रक्रिया में शामिल किया जाता है।
अब हाफिज सईद अपने कुछ चुनिंदा लश्कर आतंकियों की मदद से वहां चुनाव से पहले आतंकी गतिविधियों को अंजाम देने की फिराक में है।