Grenade Attack: सोपोर में आतंकियों ने किया ग्रेनेड हमला, एक जवान घायल
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
उत्तरी कश्मीर के सोपोर में गुरुवार शाम आतंकियों ने सुरक्षाबलों को निशाना बनाकर ग्रेनेड हमला किया। इस हमले में सशस्त्र सीमा बल का एक जवान घायल हो गया है। घायल जवान को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। साथ ही आतंकियों की तलाश में इलाके में अभियान चलाया जा रहा है।
आधिकारिक सूत्रों ने बताया कि वाटरगम इलाके में आतंकवादियों ने सुरक्षाबलों को निशाना बनाकर ग्रेनेड फेंका। जिसमें एसएसबी के एक जवान को मामूली चोटें आईं और उन्हें इलाज के लिए नजदीकी अस्पताल ले जाया गया। इस बीच सुरक्षाबलों की संयुक्त टीम ने हमलावरों को पकड़ने के लिए इलाके की घेराबंदी कर तलाशी अभियान चलाया।
गांदरबल आतंकी हमले में घायल जवान की उपचार के दौरान गई जान
उधर, मध्य कश्मीर के गांदरबल जिले में बुधवार को हुए आतंकी हमले में घायल तीन जवानों में से एक की उपचार के दौरान जान चली गई है। बता दें कि आतंकियों ने इलाके में तैनात सुरक्षाकर्मियों पर ग्रेनेड हमला किया था। हमले में तीन जवान घायल हो गए थे।
बुधवार शाम को आतंकियों ने जिले के दादरहामा इलाके के तौहीद चौक में स्थित सीआरपीएफ की 115वीं बटालियन के जवानों को निशाना बनाते हुए उन पर ग्रेनेड दागा। इस हमले में सीआरपीएफ के तीन जवान घायल हो गए, जिन्हें तुरंत स्किम्स पहुंचाया गया। जहां उपचार के दौरान गुरुवार को एक जवान ने दम तोड़ दिया।