पीएम के J&K दौरे के दिन कश्मीर में सुरक्षाबलों पर ग्रेनेड हमला, 1 जवान शहीद, 12 घायल
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
जम्मू कश्मीर में पीएम मोदी के दौरे के कुछ ही देर बाद एक बड़ी आतंकी वारदात हुई है। अब तक मिली जानकारी के मुताबिक कश्मीर के श्रीनगर के नौहट्टा में सीआरपीएफ और पुलिस पार्टी पर ग्रेनेड हमला हुआ है। जानकारी के अनुसार इस हमले में एक जवान शहीद हो गया है।
जानकारी के मुताबिक श्रीनगर के डाउन टाउन इलाके में स्थित नौहट्टा के गंजबख्श पार्क के पास शाम करीब 7 बजे के आसपास पुलिस पार्टी पर आतंकियों ने ग्रेनेड हमला किया है। आतंकी हमले में 12 जवानों के घायल होने की भी खबरें हैं जिन्हें इलाज के लिए अस्पताल में दाखिल कराया गया है।
गौरतलब है कि रविवार को ही पीएम मोदी जम्मू-कश्मीर के दौरे पर थे। अपने इस दौरे के दौरान पीएम ने एशिया की सबसे लंबी सुरंग चिनैनी नाशरी टनल का उद्घाटन किया जिसके बाद पीएम ने उधमपुर में एक जनसभा को संबोधित किया था।
शनिवार को सेना के काफिले पर भी हुई थी फायरिंग
श्रीनगर के बाहरी इलाके में शनिवार को सेना के काफिले पर आतंकियों ने हमला कर दिया था। इसमें तीन जवान जख्मी हो गए थे। हमले के बाद आस पास के इलाकों में तलाशी अभियान चलाया गया, लेकिन कुछ हाथ नहीं लगा। जानकारी के अनुसार काफिला उत्तरी कश्मीर से श्रीनगर आ रहा था।
शनिवार की ये घटना श्रीनगर के बाहरी क्षेत्र बेमिना की है जहां दोपहर करीब 1:10 बजे श्रीनगर-बारामुला राष्ट्रीय राजमार्ग पर जेवीसी अस्पताल के करीब सेना के काफिले पर आतंकियों ने ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी।
दो से तीन की संख्या में बताए जा रहे आतंकी सड़क पार पहले से घात लगाए बैठे थे। इस दौरान हुई फायरिंग की चपेट में काफिले की आखिरी की कुछ गाड़ियां आ गईं। हमला होते ही काफिला राजमार्ग पर रुक गया। जवानों ने मोर्चा संभालते हुए जवाबी कार्रवाई की। इसके चलते आतंकी मौके से भाग निकले।