कश्मीर में केरोसिन की किल्लत पर राज्यपाल सख्त
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
कश्मीर में कड़ाके की ठंड के बीच मिट्टी के तेल की किल्लत की शिकायतों पर राज्यपाल एन एन वोहरा ने सख्ती दिखाते हुए कश्मीर के मंडलायुक्त से रिपोर्ट मांगी है।
यही नहीं, कश्मीर में रोजमर्रा की वस्तुओं की उपलब्धता और इसके लिए वसूले जाने वाले दामों की भी रिपोर्ट मांगी गई है। मंडलायुक्त को 14 जनवरी तक हर हाल में रिपोर्ट पेश करने के लिए कहा गया है। इसी तरह के निर्देश जम्मू के मंडलायुक्त को भी जारी किए गए हैं।
राज्यपाल के पास शिकायतें पहुंच रही हैं कि रोजमर्रा की वस्तुओं की किल्लत है। खासकर कश्मीर में मिट्टी का तेल, चीनी, राशन की किल्लत है। जम्मू से भी शिकायतें मिली। इस पर कड़ा संज्ञान लेते हुए राज्यपाल ने मंगलवार को दोनों संभागों के मंडलायुक्तों से रिपोर्ट मांगी है।
राज्यपाल ने बाढ़ पीड़ितों को राहत के लिए केंद्र से मिले 1000 करोड़ रुपए के आवंटन की तैयारी भी कर ली है। वित्त एवं विकास विभाग के प्रधान सचिव से राज्यपाल ने सुझाव मांगा है कि इस अतिरिक्त सहायता राशि का आवंटन किस तरह से किया जाए।
पाक गोलाबारी से प्रभावित गांव की सुरक्षा को प्लान तैयार
सितंबर महीने में बाढ़ की वजह से हुए नुकसान की इससे भरपाई की जानी है। टूटे ढांचे को रिपयेर करने और पूरी तरह से क्षतिग्रस्त ढांचे को दोबारा खड़े करने पर बल दिया गया है।
वहीं गृह विभाग के प्रधान सचिव सुरेश कुमार ने राज्य में सुरक्षा एवं कानून के ताजा हालातों को लेकर मंगलवार राज्यपाल से मिलकर उन्हें स्थिति की जानकारी दी।
राज्यपाल ने प्रधान सचिव को यह भी निर्देश जारी किए पाक गोलाबारी से प्रभावित आईबी और एलओसी के पांचों जिलों के उपायुक्तों और वरिष्ठ लोगों से बात करें। सेना और बीएसएफ से भी बात करें और लोगों की सुरक्षा का एक मजबूत प्लान तैयार करें।
ताकि किसी भी हालत में लोगों को किसी प्रकार की परेशानी न हो। अगले सप्ताह इसे लेकर सेना, बीएसएफ, मंडलायुक्तों, उपायुक्तों, मुख्य सचिव और गृह प्रधान सचिव के साथ बैठक भी होगी।