नार्को टेररिज्म में घाटी से चार तस्कर गिरफ्तार, लश्कर-जैश के चैट ग्रुप से जुड़े थे हैंडलर
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
नार्को टेररिज्म के मामले में राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए) ने घाटी से चार नशा तस्करों को गिरफ्तार किया है। यह सभी पाकिस्तान से भारी मात्रा में हेरोइन की तस्करी कर यहां लाते हैं और जम्मू-कश्मीर के साथ ही देश के अन्य हिस्सों में इसकी आपूर्ति करते हैं। एनआईए ने गिरफ्तार आरोपियों को श्रीनगर के मुख्य न्यायिक अधिकारी की अदालत में पेश किया जहां से उन्हें तीन दिन की रिमांड पर लिया गया।
कुपवाड़ा में पिछले दिनों 21 किलो हेरोइन और 1.36 करोड़ रुपये की बरामदगी के मामले में जांच के दौरान मिले सबूतों के आधार पर ये गिरफ्तारियां की गई हैं। गिरफ्तार तस्करों में गांदरबल का अलताफ अहमद शाह, बांदीपोरा का शौकत अहमद पर्रे, शोपियां का मुदासिर अहमद डार व अनंतनाग का आमिल अलई शामिल है।
एनआईए के अनुसार, कुपवाड़ा में वाहनों की जांच के दौरान अब्दुल मोमिन पीर की हुंडई क्रेटा कार को रोक कर जांच की गई तो 20 लाख रुपये नकद व दो किलो हेरोइन की बरामदगी की गई थी। बाद में हेरोइन की बड़ी खेप और 1.36 करोड़ रुपये बरामद किए गए। एनआईए ने जांच के दौरान दिसंबर 2020 में छह आरोपियों के खिलाफ विशेष एनआईए कोर्ट में आरोप पत्र दाखिल किया।
लश्कर-जैश के चैट ग्रुप से जुड़े थे हैंडलर
एनआईए के अनुसार हेरोइन की तस्करी के साथ ही आरोपी पाकिस्तान में लश्कर-ए-तैयबा और हिजबुल मुजाहिदीन के हैंडलरों के साथ विभिन्न प्लेटफार्मों पर चैट से जुड़े थे। हेरोइन की बिक्री से मिली धनराशि का इस्तेमाल कश्मीर घाटी में लश्कर की गतिविधियों को बढ़ाने में किया जाता है।