फारूक अब्दुल्ला ने साधा पीएम पर निशाना: कहा, वे फौजियों का खून बेचना चाहते हैं
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
सर्जिकल स्ट्राइक पर सियासत के मामले में अब जम्मू कश्मीर के पूर्व मुख्यमंत्री फारूक अब्दुल्ला ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी पर हमला बोला है। पहले कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी द्वारा मोदी पर जवानों के खून की दलाली संबंधी आरोप से सियासी बवाल खड़ा हुआ था।
अब पुंछ में डा. अब्दुल्ला ने कहा कि आज कुछ लोग चुनाव जीतने के लिए फौजियों का खून बेचना चाहते हैं। सौदा करना चाहते हैं। फौजी किसी हुकूमत का नहीं होता। फौजी हिन्दुस्तान का है। वाजपेयी ने कहा था कि दोस्त बदले जा सकते हैं लेकिन पड़ोसी बदले नहीं जा सकते। फारूक ने कहा कि अगर मोदी वाजपेयी को नेता मानते हैं तो उनकी नीतियों पर क्यों नहीं चलते।
फारूक ने पिछले दिनों भी पीएम मोदी को कश्मीर के हालात पर बातचीत के लिए सभी पक्षकारों को बुलाने की बात कही थी । इसके बाद फारूक ने घाटी के हालात पर विपक्षी नेताओं के साथ बैठक की थी जिस दौरान उन्होनें पत्रकारों के सवाल के जवाब में पीएम मोदी पर जमकर निशाना साधा था ।
सर्जिकल स्ट्राइक के सवाल पर भड़क गए थे फारूक
पिछले दिनों अपने आवास पर एक बैठक के बाद हुई प्रेस कान्फ्रेंस के दौरान पत्रकारों की ओर से उड़ी हमले और सर्जिकल स्ट्राइक के विषय पर सवाल पूंछे जाने के बाद फारूक अब्दुल्ला भड़क गए थे । सवाल के जवाब में फारूक ने कहा था कि मुझे उड़ी हमले से कोई लेना देना नहीं । फारूक ने कहा था कि मुझे सर्जिकल स्ट्राइक से भी कोई मतलब नहीं । मुझे सिर्फ घाटी के हालातों के सामान्य होने से मतलब है ।
फारूक ने कहा था कि कश्मीर की समस्या एक सियासी समस्या है और इसका एक सियासी हल खोजना होगा । फारूक ने कहा था कि सरकार को हुर्रियत समेत भी प्रमुख पक्षों से बातचीत करके समस्या का सियासी हल निकालने की कोशिश करनी चाहिए ।