जम्मू-कश्मीर: दक्षिणी कश्मीर में एक और जैश आतंकी ढेर, हथियार और गोला बारूद बरामद
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
दक्षिणी कश्मीर में लगातार दूसरे दिन शनिवार को हुई मुठभेड़ में सुरक्षाबलों ने आतंकी संगठन जैश-ए-मोहम्मद के एक आतंकी को मार गिराया। मारे गए आतंकी से हथियार और गोला बारूद बरामद किया गया है। मुठभेड़ के बाद इलाके में हिंसा भड़क गई। सुरक्षाबलों पर पथराव किया गया, लेकिन कुछ ही देर में स्थिति पर नियंत्रण कर लिया गया। हिंसा की आशंका में इलाके में मोबाइल इंटरनेट सेवा स्थगित कर दी गई।
अनंतनाग जिले के वैरीनाग इलाके में आतंकियों की मौजूदगी की सूचना पर शनिवार को सेना, सीआरपीएफ तथा एसओजी ने इलाके में घेराबंदी की। इस दौरान घेरा सख्त होता देख छिपे आतंकियों ने सुरक्षा बलों पर फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई से मुठभेड़ शुरू हो गई। कुछ देर की मुठभेड़ के बाद दूसरी ओर से फायरिंग होनी बंद हो गई। इसके बाद सुरक्षाबलों ने सर्च आपरेशन शुरू किया तो एक आतंकी का शव बरामद किया गया। पुलिस के अनुसार मारा गया आतंकी जैश-ए-मोहम्मद का इकबाल गनई (न्यूपोरा-डोरू) था। पुलिस ने मुठभेड़ स्थल के आस पास के इलाकों को सुरक्षित घोषित किए जाने तक वहां न जाने की लोगों को सलाह दी है ताकि किसी प्रकार की अनहोनी न होने पाए।
दस साल तक हरकत उल मुजाहिदीन में था
मारा गया आतंकी इकबाल गनई वर्ष 2000 में हरकत उल मुजाहिदीन में शामिल हुआ था। वह 2010 तक इस संगठन के साथ जुड़ा रहा। इसी साल अनंतनाग जिले के मट्टन में पुलिस ने इसे गिरफ्तार कर लिया। लगभग एक साल तक जेल में रहने के बाद वह रिहा हुआ तो फिर अपना काम करने लगा। दोबारा 2018 में उसने जैश ए मोहम्मद का दामन थाम लिया।
24 घंटे में जैश के पांच आतंकियों का काम तमाम
पिछले 24 घंटे के भीतर जैश के पांच आतंकियों का सुरक्षाबलों ने काम तमाम कर दिया है। इससे इस संगठन को भारी झटका पहुंचा है। इससे पहले शुक्रवार को दक्षिणी कश्मीर के पुलवामा जिले में 15 घंटे से अधिक चली मुठभेड़ में जैश के चार आतंकी मारे गए थे। इनमें वीरवार को हथियार लेकर फरार हुए दो एसपीओ भी शामिल थे। मारे गए आतंकियों की शिनाख्त पंजरण पुलवामा के आशिक हुसैन गनई, अरिहाल पुलवामा के इमरान अहमद भट व भगोड़े एसपीओ में तुजान पुलवामा के शब्बीर अहमद डार व शोपियां के उठमुल्ला के मोहम्मद सलमान खान के रूप में हुई।
दोनों एसपीओ फरार होने के बाद जैश में शामिल हो गए थे। इससे पहले 28 सितंबर 2018 को पीडीपी के पूर्व एमएलए एजाज अहमद मीर के श्रीनगर स्थित सरकारी आवास पर तैनात एसपीओ आदिल बशीर शेख दो अन्य लोगों के साथ सात एके 14 राइफल व पिस्टल लेकर फरार हो गया था। बाद में उसने आतंकी संगठन हिजबुल मुजाहिदीन का दामन थाम लिया था।