रियासत में बढ़ रहा भाजपा का कुनबा
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
जम्मू-कश्मीर की राजोरी विधानसभा क्षेत्र से तीन बार के विधायक और सांसद रहे चौधरी तालिब हुसेन भाजपा में शामिल हो गए। इसके अलावा पीडीपी के सुरनकोट विधानसभा क्षेत्र से नेता हाजी ताज मोहम्मद ने भी भाजपा का दामन थाम लिया।
प्रदेश में लगातार भाजपा का कुनबा बढ़ता जा रहा है। इससे पहले भी कई बड़े नाम भाजपा के साथ जुड़ चुके हैं। ऐसा नहीं है कि सभी बड़े नाम भाजपा से ही जुड़ रहे हैं लेकिन भाजपा में आने वालों की संख्या लगातार बढ़ रही है।
मिशन 44 प्लस का टारगेट
भाजपा प्रदेशाध्यक्ष एवं सांसद जुगल किशोर शर्मा की मौजूदगी में हुए कार्यक्रम में चौधरी तालिब हुसेन और हाजी ताज मोहम्मद भाजपा में शामिल हुए।
जुगल ने इन दोनों का पार्टी में स्वागत करते हुए कहा कि केंद्र में सरकार बनाने के बाद अब रियासत में मिशन 44 प्लस का टारगेट लेकर भाजपा विधानसभा चुनाव में उतरने की तैयारी में है।
उन्होंने कहा कि राजोरी और पुंछ क्षेत्र के दो बड़े नेताओं का भाजपा में शामिल होने से पार्टी के मिशन को मजबूती मिलेगी। उन्होंने कहा कि जिस तरीके से जानी मानी शख्सियत भाजपा में शामिल हो रही हैं।
उससे लग रहा है कि केंद्र में सरकार बनाने के बाद अब रियासत में भी भाजपा की सरकार बनेगी।
'कांग्रेस इंदिरा गांधी के पदचिह्नों पर'
चौधरी तालिब हुसेन ने कहा कि मौजूदा समय में न तो नेशनल कांफ्रेंस शेख मोहम्मद अब्दुला की नीतियों और कार्यक्रमों पर चल रही है और न ही कांग्रेस इंदिरा गांधी के पदचिह्नों पर।
उन्होंने कहा कि देश में भारी बहुमत से जीतकर केंद्र में सत्ता में पहुंची भाजपा से रियासत के अलावा जम्मू, पुंछ के लोगों को भी बड़ी उम्मीदे हैं। इसको ध्यान में रखकर उन्होंने भाजपा में शामिल होना बेहतर समझा।
वहीं पीडीपी छोड़ भाजपा में शामिल हुए हाजी ताज मोहम्मद खान ने कहा कि राजोरी और पुंछ की कई सीटों पर भाजपा जीत हासिल करेगी।
इस अवसर पर भाजपा के प्रदेश उपप्रधान विवोध गुप्ता, राज्य प्रवक्ता फारूक खान, सुनील सेठी, भारत भूषण, सुनील गुप्ता, एसएस बिजराल आदि मौजूद रहे।