उमर ने मुफ्ती सरकार पर लगाए जासूसी के आरोप
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
जम्मू-कश्मीर के पूर्व मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने राज्य की भाजपा-पीडीपी गठबंधन सरकार पर अपनी जासूसी करने का आरोप लगाया है। नेशनल कांफ्रेंस के कार्यकारी अध्यक्ष ने ट्वीट कर इसकी जानकारी दी है।
उन्होंने मुफ्ती सरकार से कहा कि अगर राज्य सरकार जानना चाहती है कि मैं क्या कर रहा हूं, तो वे सीधे मुझसे ही पूछ सकते हैं। हालांकि पीडीपी ने उमर के आरोप का खंडन किया है।
उमर ने ट्वीट के जरिये राज्य सरकार पर जासूसी का आरोप लगाते हुए कहा, ‘मुफ्ती सरकार बेशर्मी से मेरी जासूसी कर रही है। अभी मेरा इंटरव्यू लेने आ रही पत्रकार को सीआईडी ने मेरे गेट के बाहर ही रोक दिया।’
पूर्व मुख्यमंत्री ने सीएम मुफ्ती सईद को चेतावनी दी
उन्होंने आगे ट्वीट किया कि उसे (पत्रकार) पूछा गया कि वह कौन है और उसके यहां आने की वजह क्या है। उमर ने राज्य सरकार को चेतावनी देते हुए कहा कि अगर तुम मेरे बारे में जानना चाहते हो, तो सीधे मुझसे पूछो और मुझे इसकी चिंता नहीं है कि तुम मेरे बारे में जानना चाहते हो।
पूर्व मुख्यमंत्री ने सीएम मुफ्ती सईद को चेतावनी देते हुए ट्वीट किया, ‘ मुफ्ती साहब, यदि आप और आपके अधिकारी जानना चाहते हैं कि मैं क्या करने वाला हूं, तो मुझे फोन कीजिए और मेरे घर के बाहर लोगों को टोकने की बजाय मुझसे पूछिए।’
उमर अब्दुल्ला ने आपदा का एक साल पूरा होने पर पुनरुद्धार दिवस मनाने के राज्य सरकार के निर्णय पर तंज कसा है। उन्होंने कहा कि पिछले साल आई आपदा की एकमात्र लाभार्थी पीडीपी सरकार ही है। इसलिए हैरान नहीं हूं कि मुफ्ती सरकार उत्सव मना रही है, जबकि लोग गुस्से में हैं।
मुफ्ती सरकार ने विधायकों के लिए खरीदी एसयूवी
भले ही जम्मू-कश्मीर सरकार पिछले साल की आपदा में विस्थापित हुए लोगों का पुनर्वास करने में फंड का रोना रो रही हो, लेकिन विधायकों की सेवा में वह कोई कसर नहीं छोड़ रही। मुफ्ती सरकार ने विधायकों के लिए 100 नई एसयूवी कारों का ऑर्डर दिया है। जिनकी कीमत करीब 11 करोड़ रुपये है। राज्य गृह विभाग ने इस ऑर्डर को पास किया है।