नगरोटा हमला मामले में तेज हुई जांच, हो सकते हैं कई बड़े खुलासे
सेना के व्हाइट नाइट कोर (16 कोर) में आतंकी हमले की जांच सीआईडी की काउंटर इंटेलिजेंस (सीआई) विंग ने जांच तेज कर दी है। विंग के डीएसपी ने मौके थाने के रिकार्ड की जांच शुरू की और निचले स्तर के अधिकारियों से बैठक भी की। फिलहाल इस मामले की जांच रिपोर्ट गृह विभाग ने एसएसपी सीआईडी सीआई से तलब की है।
सीआईडी सीआई विंग से गृह विभाग ने नगरोटा में 29 नवंबर को हुए हमले की जांच रिपोर्ट मांगी है। गृह विभाग ने एसएसपी सीआईडी सीआई को आदेश दिया है कि वह जांच में तेजी लाएं। किस स्तर पर आतंकी हमले की सूचना में कोताही हुई है। इसका भी खुलासा किया जाए।
पुलिस वर्दी में आए आतंकियों के नगरोटा आर्मी कैंप तक पहुंचने के लिए क्या सूत्र या वाहन का उपयोग किया। किस रास्ते से होकर वे आर्मी कैंप तक पहुंचे, इन सबकी रिपोर्ट को मांगा गया है। पुलिस के नाकों पर तैनाती की भी गृह विभाग ने जानकारी मांगी है।
हमले के दौरान ही सीआईडी के अधिकारी कर चुके हैं दौरा
सीआईडी के आला अधिकारी के अनुसार फिलहाल लिखित आदेश की कापी गृह विभाग के पास नहीं पहुंची है। सीआईडी पहले से ही इस मामले में अपनी जांच कर रही है। सीआई का विशेष तौर पर आतंकी व आपराधिक घटनाओं की गतिविधियों पर नजर रखने का जिम्मा है। इस विशेष विंग ने हमले के बाद से ही जांच शुरू कर दी थी।
जांच करने के बाद रिपोर्ट को गृह विभाग को सौंपा जाएगा। हमले के दौरान ही सीआईडी के वरिष्ठ अधिकारियों ने घटना स्थल का भी दौरा किया था। अगली जांच में भी वरिष्ठ अधिकारी घटना स्थल से लेकर आतंकी घुसपैठ और हमले की जानकारी हासिल करने में जुटे हैं।