जम्मू-कश्मीर के छात्र की पठानकोट में संदिग्ध हालत में मौत, हत्या की आशंका
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
जिले की मंजाकोट तहसील के नियाली निवासी एक बीटेक छात्र की पठानकोट में संदिग्ध मौत होने से परिवार सदमे में है। परिवार ने हत्या की आशंका जताते हुए राजोरी पुलिस से न्याय दिलाने में मदद की गुहार लगाई है।
जानकारी के अनुसार नियाली निवासी औरंगजेब खान पुत्र हिदायत खान पंजाब के पठानकोट क्षेत्र में एक कालेज में बीटेक की पढ़ाई कर रहा था। बताया जा रहा है कि करीब चार दिन पहले छात्र पठानकोट में संदिग्ध हालत में छत से गिरने से घायल हो गया था। रविवार को उसने उपचार के दौरान दम तोड़ दिया।
सोमवार को शव घर पहुंचने पर परिवार वालों ने शव को दफनाने से इंकार करते हुए कहा कि उनके बेटे की पठानकोट में निर्मम हत्या की गई है और पठानकोट पुलिस मामले को दबा रही है। परिवार ने राजोरी पुलिस से न्याय दिलाने में मदद की गुहार लगाते हुए कहा कि पुलिस पठानकोट पुलिस से संपर्क करे और मामले की जांच गंभीरता से करवाए।
पठानकोट में हुआ पोस्टमार्टम, जांच जारी
एसडीपीओ मंजाकोट जाकिर शाहीन मिर्जा के अनुसार मृतक के परिवार को भरोसा दिलाया गया है कि राजोरी पुलिस उनकी हरसंभव मदद करेगी और मामले में जांच करवाएगी। मृतक छात्र का पोस्टमार्टम पठानकोट में ही किया गया है।
मामले की जांच भी पठानकोट पुलिस ही कर रही है। एसएसपी राजोरी ने भी मृतक के परिवार को पूरा आश्वासन दिलाया है कि वह सच सामने लाने के लिए हर संभव प्रयास करेंगे।
वहीं शव के घर पहुंचते ही पूरे क्षेत्र में मातम छा गया। हर कोई मृतक के घर पहुंच परिवार को सांत्वना दे रहा था। मां और बहनों का रो-रो कर बुरा हाल था। मां बार-बार अपने बेटे को उठने की गुहार लगाते हुए बेहोश हो रही थी। मृतक के पिता ने बताया कि उनका बेटा पढ़ाई में बहुत होनहार था। दोपहर बाद शव को दफना दिया गया।