जाहिद की मौत के लिए इंजीनियर रशीद दोषी : पीडीपी
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
पीडीपी ने उधमपुर ट्रक हमले में क्लीनर जाहिद की मौत के लिए बीफ पार्टी देने वाले निर्दलीय विधायक इंजीनियर रशीद को जिम्मेदार बताया है। पीडीपी अध्यक्ष महबूबा मुफ्ती के राजनीतिक सचिव पीरजादा मंसूर ने बताया कि जाहिद रसूल भट और शौकत अहमद पर जो हमला उधमपुर में हुआ वह हमला इंजीनियर रशीद द्वारा श्रीनगर के एमएलए हॉस्टल में आयोजित बीफ पार्टी के बाद हुआ।
मंसूर ने कहा कि बीफ पार्टी से जम्मू संभाग के लोग भड़क गए, जिसके बाद उन्होंने कश्मीर के ट्रक पर पेट्रोल बम से हमला किया और इसमें जाहिद और शौकत घायल हो गए जबकि एक बच निकला। मंसूर ने उधमपुर हमले को बीफ पार्टी के विरोध में एक प्रतिक्रिया करार दिया। उन्होंने कहा कि सुप्रीम कोर्ट के आदेश के बावजूद इंजीनियर रशीद ने बीफ पार्टी दी, जिससे तनाव फैला।
पीडीपी नेता ने रशीद से सवाल किया है कि आखिर एमएलए हॉस्टल में बीफ पार्टी देना का क्या मतलब था। उन्होंने यह पार्टी अपने घर पर क्यों नहीं दी। मंसूर ने आरोप लगाया कि इससे साफ संकेत है कि यह सब जम्मू में लोगों को भड़काने की मंशा से किया गया, जबकि उन्हें यह मालूम था कि एमएलए हॉस्टल में जम्मू के भाजपा विधायक भी ठहरे हुए हैं।
मंसूर ने यह भी कहा कि अगर कोई भी चीज खाने के लिए मुसलमानों का धर्म अनुमति देता है तो धरती पर कोई ऐसी शक्ति नहीं जो उन्हें रोक सके। उन्होंने मौत पर राजनीतिक ड्रामा न करने के लिए राजनीतिक दलों से अपील भी की।
इंजीनियर रशीद को पाक उकसा रहा है : उपमुख्यमंत्री
बीफ मामले और फिर उधमपुर में ट्रक हमले को लेकर विवाद में रहे विधायक इंजीनियर रशीद की गतिविधियों पर सवाल उठने लगा है। उपमुख्यमंत्री डा. निर्मल सिंह ने कहा है कि रशीद को पाकिस्तान की ओर से उकसाया जा रहा है।
ताकि रियासत का माहौल खराब किया जाए। उन्होंने पाक को चेतावनी भरे लहजे में कहा कि भारत अपने अंदरूनी मामलों में पाकिस्तान का हस्तक्षेप किसी तरह से बर्दाश्त नहीं करेगा।
उपमुख्यमंत्री बीएसएफ की ओर से आयोजित शहीदी समारोह में भाग लेने के बाद पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे। उन्होंने कहा कि नौ अक्तूबर को उधमपुर में ट्रक पर हमले के मामले को राजनीतिक रंग देने की कोशिश की गई।
लेकिन घाटी और जम्मू के लोगों ने धैर्य का परिचय दिया। उपमुख्यमंत्री ने बेगुनाह लोगों पर हुए हमले की निंदा करते हुए कहा कि इस मामले के दोषियों को बख्शा नहीं जाएगा।