बीफ बवाल पर जम्मू कश्मीर विधानसभा में लात-घूंसे चले
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
राज्य विधानसभा में वीरवार को निर्दलीय विधायक इंजीनियर रशीद द्वारा बुधवार शाम एमएलए हास्टल में दी गई बीफ पार्टी पर जमकर बवाल हुआ। विधायक रशीद के सदन में पहुंचते ही पार्टी पर बिफरे भाजपा विधायक उनपर झपट पड़े।
इस दौरान सदन में लात-घूंसे भी चले। नेकां तथा कांग्रेस सदस्यों ने दोनों पक्षों को अलग किया। मार्शलों ने सुरक्षा घेरे में लेकर इंजीनियर रशीद को सदन से बाहर किया। यह मारपीट सदन की कार्यवाही शुरू होने से पहले हुई।
स्पीकर भी तब तक चेयर पर मौजूद नहीं थे। अचानक शुरू हुई मारपीट से सब सकते में आ गए। तुरंत डिप्टी सीएम डॉ. निर्मल सिंह ने मौके पर पहुंचकर हस्तक्षेप किया और भाजपा सदस्यों को वहां से हटाया। घटना के विरोध में नेशनल कांफ्रेंस और कांग्रेस सहित निर्दलीय विधायक सदन का बहिष्कार कर बाहर चले गए। हंगामे के दौरान सदन में मौजूद पीडीपी सदस्य बाहर चले गए थे।
मार्शलों ने सुरक्षा घेरा बनाकर दोनों पक्षों को अलग किया
विधानसभा की कार्यवाही शुरू होने वाली ही थी कि सुबह 9:55 बजे इंजीनियर रशीद के सदन में दाखिल होते ही भाजपा सदस्य इंजीनियर से भिड़ गए। उन्होंने उन्हें धक्का दे दिया जिससे वे कुर्सी पर गिर गए। इसके बाद खूब लात-घूंसे चले।
अचानक हमले से सकते में आए नेकां तथा कांग्रेस सदस्यों ने भाजपा विधायक राजीव शर्मा, डॉ. गगन भगत तथा रवींद्र रैना को अलग किया। मार्शलों ने सुरक्षा घेरा बनाकर दोनों पक्षों को अलग किया। इसी दौरान स्पीकर कवींद्र गुप्ता भी सदन में आ गए।
उनके आसन ग्रहण करते ही विपक्षी सदस्यों तथा इंजीनियर रशीद ने हंगामा और नारेबाजी शुरू कर दी। हंगामा कर रहे सदस्यों से स्पीकर ने कहा कि उन्हें घटना की जानकारी नहीं है। पहले वह जानकारी तो ले लें, उसके बाद ही कुछ किया जा सकेगा।