{"_id":"6163dbe28ebc3e05f2125473","slug":"encounter-between-security-forces-and-terrorists-in-forest-area-of-surankote-tehsil-of-poonch","type":"story","status":"publish","title_hn":"पुंछ मुठभेड़: एक जेसीओ और चार जवान शहीद, आतंकियों का समूह घिरा, भारी गोलाबारी जारी","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
पुंछ मुठभेड़: एक जेसीओ और चार जवान शहीद, आतंकियों का समूह घिरा, भारी गोलाबारी जारी
Mon, 11 Oct 2021 12:08 PM IST
प्रशांत कुमार
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, जम्मू
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, जम्मू
Published by: प्रशांत कुमार
Updated Mon, 11 Oct 2021 12:08 PM IST
सार
पुंछ में सुरक्षाबलों और आतंकियों के बीच मुठभेड़ चल रही है। इस मुठभेड़ में सेना का एक जेसीओ और चार जवान शहीद हो गए हैं। वहीं घिरे हुए आतंकियों की संख्या चार से पांच बताई जा रही है।
विज्ञापन
भारतीय सेना
- फोटो : अमर उजाला
विस्तार
जम्मू संभाग के पुंछ जिले में सुरक्षाबलों और आतंकियों के बीच मुठभेड़ चल रही है। मुठभेड़ में भारतीय सेना का एक जेसीओ(जूनियर कमीशंड ऑफिसर) और चार जवान शहीद हो गए हैं। वहीं चार से पांच आतंकियों का एक समूह घिरा हुआ है। सैन्य प्रवक्ता लेफ्टिनेंट कर्नल देवेंद्र आनंद ने बताया कि खुफिया सूचना के आधार पर सोमवार सुबह भारतीय सेना ने पुंछ के सुरनकोट क्षेत्र में तलाशी अभियान शुरू किया था। इसी दौरान मुठभेड़ शुरू हो गई। जिसमें एक जेसीओ और चार जवान घायल हो गए, जिन्हें उपचार के लिए नजदीकी अस्पताल ले जाया गया, जहां उन्होंने दम तोड़ दिया। मुठभेड़ जारी है।
विज्ञापन
उधर, सुरक्षाबलों ने कश्मीर संभाग में दो आतंकियों को मार गिराने में सफलता पाई है। एक आतंकी अनंतनाग और एक बांदीपोरा में मारा गया है। बांदीपोरा में मारे गए आतंकी की पहचान इम्तियाज अहमद डार के रूप में हुई। वह टीआरएफ(द रेजिस्टेंस फ्रंट) का आतंकी था, जोकि शाहगुंड में हुई नागरिक की हत्या में शामिल था।
विज्ञापन
यह भी पढ़ेंः- भय और आक्रोश से भरा मन: कश्मीर से जम्मू लौटे 70 फीसदी कर्मचारी, बोले- 90 जैसे हालात बनाए जा रहे हैं
विज्ञापन
आतंकी ने पुलिस पर की अंधाधुंध फायरिंग, जवाबी कार्रवाई में ढेर
वहीं अनंतनाग में सुरक्षाबलों और आतंकियों के बीच रविवार देर रात शुरू हुई मुठभेड़ में एक दहशतगर्द मारा गया है। मारे गए आतंकी की अभी पहचान नहीं हो सकी है। इस ऑपरेशन में एक पुलिसकर्मी भी घायल हुआ है। बता दें कि खुफिया सूचना के आधार पर पुलिस आतंकियों के एक मददगार को पकड़ने गई थी। इसी दौरान छिपे हुए आतंकियों ने पुलिस की टीम पर फायरिंग करनी शुरू कर दी। जिसके बाद मुठभेड़ शुरू हो गई और आतंकी को मार गिराने में सफलता मिली। मारे गए आतंकी के पास से एक पिस्टल और ग्रेनेड बरामद हुआ है।
बांदीपोरा में मारा गया टीआरएफ आतंकी इम्तियाज अहमद डार
बांदीपोरा में गुंड जहांगीर इलाके में आतंकियों की मौजूदगी की सूचना पर पुलिस, सेना की 13-आरआर(राष्ट्रीय राइफल्स) और सीआरपीएफ की संयुक्त टीम ने तलाशी अभियान शुरू किया था। इसी दौरान आतंकियों ने सुरक्षाबलों पर गोलाबारी शुरू कर दी। कई घंटे तक चली मुठभेड़ में एक आतंकी मारा गया। जिसकी पहचान इम्तियाज अहमद डार के रूप में हुई। वह टीआरएफ का आतंकी था, जोकि शाहगुंड में हुई नागरिक की हत्या में शामिल था। इसके साथ वह अन्य आतंकी हमलों में शामिल था।