सरकार गठन के बाद एक दर्जन अधिकारियों के मिलेगा प्रमोशन
रियासत में जल्द ही पुलिस विभाग की अलग-अलग विंग की कमान एडीजीपी रैंक के अधिकारियों को मिल सकती है। सरकार गठित होते ही एक दर्जन आईपीएस अधिकारियों को प्रमोशन दी जा सकती है, इनमें पांच डीआईजी स्तर के अधिकारी भी शामिल हैं।
जबकि कई आईजीपी रैंक के अधिकारियों को भी प्रमोशन दी जा सकती है। इस समय पुलिस के कई विंग ऐसे हैं, जिनकी कमान आईजी स्तर के अधिकारियों के पास है। गृह विभाग चाहता है कि सभी विंग की कमान एडीजीपी रैंक अधिकारियों के पास हो।
दरअसल, कई अधिकारी प्रमोशन के इंतजार में हैं और कई पुलिस मुख्यालय में पोस्टिंग के इंतजार में हैं। सभी विंगों को एडीजीपी का पद देकर अधिकारियों को एडजस्ट करने की तैयारी की जा रही है।
प्रमोशन देने के लिए स्क्रीनिंग
इस समय ट्रैफिक पुलिस की कमान आईजी के पास है, लेकिन यह पद भी डीआईजी के पास इंचार्ज के तौर पर है। वहीं क्राइम ब्रांच सीआईडी और होम गार्ड का पद भी आईजी स्तर के अधिकारियों के पास है।
पूर्व सरकार ने भी इसमें दिलचस्पी दिखाई थी, लेकिन इसके बाद यह मामला ठंडे बस्ते में डाल दिया गया। आईजी दिलबाग सिंह को एडीजीपी बनाकर पुलिस अकादमी उधमपुर भेजने के लिए कहा गया था। इसके लिए कैबिनेट ने पुलिस अकादमी में एडीजीपी का पद सृजित करने को कहा, लेकिन अब तक ऐसा नहीं हुआ।
गृह विभाग की ओर से अधिकारियों की प्रमोशन को लेकर स्क्रीनिंग कमेटी भी बन चुकी है। मुख्य सचिव बीआर शर्मा, गृह सचिव आरके गोयल और डीजीपी के राजिंदरा कमेटी में शामिल हैं।
जिन्होंने रियासत कैडर के आईपीसी अधिकारियों को प्रमोशन देने के लिए स्क्रीनिंग करनी है। सूत्रों की मानें तो कमेटी ने एक दर्जन से अधिक अधिकारियों को प्रमोशन देने की सूची तैयार की है।