जानिए, इस वक्त क्यों अहम है रक्षा मंत्री पारिकर का दौरा
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
एलओसी, आईबी और एलएसी पर हालात का जायजा लेने के साथ ही दो जुलाई से शुरू होने वाली पवित्र अमरनाथ यात्रा के सुरक्षा प्रबंधों को अंतिम रूप देने शुक्रवार को रक्षा मंत्री मनोहर परिकर रियासत के दो दिवसीय दौरे पर पहुंच रहे हैं। सेना की उत्तरी कमान के प्रवक्ता कर्नल एसडी गोस्वामी ने बताया कि रक्षा मंत्री शुक्रवार को सेनाध्यक्ष दलबीर सिंह सुहाग के साथ सीधे लेह पहुंचेंगे।
यहां सेना की 14 कोर के जीओसी लेफ्टिनेंट जनरल वीएस नेगी रक्षा मंत्री को पाकिस्तान के साथ सटी एलओसी (नियंत्रण रेखा) और चीन के साथ सटी एलएसी (वास्तविक नियंत्रण रेखा) पर हालात का विस्तृत ब्योरा देंगे। सैन्य प्रवक्ता के मुताबिक सैन्य अफसरों से सुरक्षा प्रबंधों की विस्तृत जानकारी लेने के बाद रक्षा मंत्री श्रीनगर स्थित सेना की 15 कोर पहुंचेंगे।
श्रीनगर में रक्षा मंत्री सुरक्षा प्रबंधों और हालात पर राज्यपाल एनएन वोहरा और मुख्यमंत्री मुफ्ती मोहम्मद सईद से भी बैठक कर चर्चा करेंगे।
अमरनाथ यात्रा की सुरक्षा जांचेंगे
श्रीनगर स्थित 15 कोर के जीओसी लेफ्टिनेंट जनरल सुब्रत साहा रक्षा मंत्री को एलओसी पार की गतिविधियों और आतंकवाद पर नकेल कसने को सेना की ओर से चलाए जा रहे अभियान की जानकारी देने के साथ ही अमरनाथ यात्रा के लिए किए जाने वाले सुरक्षा प्रबंधों की जानकारी देंगे।
सैन्य प्रवक्ता के मुताबिक रात को श्रीनगर में रुकने के बाद शनिवार को रक्षा मंत्री जम्मू के नगरोटा स्थित सेना की 16 कोर पहुंचे। यहां जीओसी लेफ्टिनेंट जनरल केएच सिंह उन्हें हालात और सुरक्षा प्रबंधों की जानकारी देंगे। रक्षा मंत्री शनिवार को पुंछ जिले में एलओसी से सटीं सेना की कुछ अग्रिम चौकियों का भी दौरा करेंगे।
उल्लेखनीय है कि वीरवार को उप मुख्यमंत्री डॉ. निर्मल सिंह ने अमरनाथ यात्रा के लिए किए जाने वाले सुरक्षा प्रबंधों की समीक्षा के लिए उच्च स्तरीय बैठक ली। गृह मंत्रालय के सूत्रों के मुताबिक अगले कुछ दिनों में केंद्रीय गृह मंत्री राजनाथ सिंह भी रियासत के दौरे पर आ रहे हैं।