अमर उजाला ब्यूरो
जम्मू। डीसी सचिन कुमार वैश्य ने अरनिया में त्रेवा का दौरा किया। इसके बाद सीमावर्ती पंचायत अब्दुल्लियां में रात को चौपाल आयोजित की। इस दौरान शिकायतों का समाधान किया गया। डीसी ने आवास, पेंशन के अलावा पानी की आपूर्ति की समस्याओं का मौके पर निराकरण करा दिया। इसके साथ ही अन्य शिकायतों के निस्तारण के निर्देश दिए।
डिप्टी कमिश्नर ने मंगलवार रात ग्रामीणों की समस्याओं के त्वरित समाधान को लेकर रात्रि चौपाल का आयोजन किया। मौके पर डीसी ने कहा कि ग्रामीणों को सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ देने के लिए चौपाल का आयोजन किया गया है। सभी ग्रामीण सरकार की योजनाओं का भरपूर लाभ उठाएं। चौपाल में ग्रामीणों ने अधिकारियों के समक्ष पेयजल की समस्या, विधवा व वृद्धावस्था पेंशन, नया राशन कार्ड बनाने, स्कूल में पठन-पाठन, मनरेगा जॉब कार्ड समेत अन्य योजनाओं से संबंधित समस्याएं रखी। डीसी ने विभिन्न विभागों के प्रखंड स्तरीय अधिकारियों को समस्याओं का त्वरित निष्पादन करने का निर्देश दिया। मौके पर सभी विभागों के अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।