अमरनाथ यात्रियों के लिए हेलीकॉप्टर के किराए में हुई भारी कटौती
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
श्री माता वैष्णो देवी के बाद अमरनाथ यात्रियों के लिए भी चॉपर सेवा किराये में कटौती की गई है। 29 जून से शुरू हो रही अमरनाथ यात्रा में अब यात्रियों को नीलग्राथ-पंजतरणी सेक्टर के लिए 1715 रुपये और पहलगाम-पंजतरणी रूट के लिए एकतरफा (प्रति यात्री) 2950 रुपये किराया देना होगा।
वर्ष 2016 में नीलग्राथ-पंजतरणी से 2000 और पहलगाम-पंजतरणी रूट के लिए यह किराया 4300 रुपये था। इस बार दोनों रूटों में चापर किराये में 285 और 1350 रुपये की कटौती की गई है। श्री अमरनाथ श्राइन बोर्ड के चीफ एग्जीक्यूटिव आफिसर (सीईओ) उमंग नरुला ने बोर्ड के चेयरमैन एवं राज्यपाल एनएन वोहरा को इसकी जानकारी दी।
सीईओ ने बताया कि चापर सेवा की बोली में नीलग्राथ-पंजतरणी रूट के लिए यूटेर इंडिया प्राइवेट लिमिटेड और ग्लोबल वैक्ट्रा हेलीकार्प लिमिटेड तथा पहलगाम-पंजतरणी के लिए हिमालयन हेली सर्विस प्राइवेट लिमिटेड से अनुबंध किया गया है। यात्रियों के लिए आन लाइन बुकिंग की सुविधा जल्द शुरू की जाएगी। यात्री ऐसे तत्वों से सावधान रहें तो बोर्ड के नाम पर अवैध तरीके से टिकटों की बुकिंग के दावे करते हैं। यह टिकट मान्यता प्राप्त एजेंसियों द्वारा ही उपलब्ध होंगी।
चापर सेवा के लिए एडवांस पंजीकरण की जरूरत नहीं
चापर सेवा के लिए एडवांस पंजीकरण की जरूरत नहीं होगी। लेकिन इसके लिए यात्री को मान्यता प्राप्त डाक्टर द्वारा जारी कंपलसरी हेल्थ सर्टिफिकेट को दिखाना होगा। प्रत्येक पंजीकृत यात्री को बोर्ड और सेवा देने वाली एजेंसी की ओर से एक-एक लाख रुपये और पंजीकृत घोड़ा खच्चर वालों के लिए 30000 रुपये का बीमा कवर दिया जाएगा।
यात्रा के दौरान यात्री बोर्ड की ओर से जारी एडवाइजरी का पालन करते हुए गर्म कपड़े और क्या करें तथा क्या न करें नियमों का पालन करें। पंजीकरण के दौरान यात्रियों को निशुल्क किताब यात्रा निर्देशिका भी उपलब्ध करवाई जा रही है। बोर्ड की वेबसाइट पर सभी महत्वपूर्ण जानकारियां डाली गई हैं।