कश्मीर: अब तक 44 लोगों की मौत, पुलिस चौकी पर एक और हमला
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
कश्मीर में हिंसा थमने का नाम नहीं ले रही। शनिवार को कुपवाड़ा में पुलिस चौकी पर हमले के दौरान फायरिंग में एक युवक की मौत हो गई। फायरिंग में घायल बटमालू के एक युवक ने बीती रात दम तोड़ दिया। कश्मीर के सभी जिलों में कर्फ्यू जारी है। इस हिंसा में मरने वालों की संख्या 44 हो गई है।
रेल और मोबाइल इंटरनेट सेवा ठप है। बीएसएनएल को छोड़कर अन्य मोबाइल सेवाएं भी बंद हैं। जम्मू में हुई भाजपा कोर कमेटी की बैठक में भी घाटी की स्थिति पर चिंता जताई गई। डिप्टी सीएम निर्मल कुमार सिंह ने यहां कानून व्यवस्था की स्थिति की समीक्षा की।
उत्तरी कश्मीर के कुपवाड़ा के हटमुल्ला में भीड़ ने दोपहर में एक पुलिस चौकी पर हमला बोल दिया। सुरक्षा बलों की जवाबी कार्रवाई में एक की मौत हो गई। दो अन्य घायल हो गए। कुछ अन्य स्थानों पर भी हिंसक प्रदर्शन की खबरें हैं। सुरक्षा बलों पर पथराव के बाद भीड़ को तितर-बितर करने के लिए लाठीचार्ज किया गया।
आतंकियों का हमला, दो घायल
पुलवामा जिले के करीमाबाद में आतंकियों ने पूर्व आतंकी तारिक अहमद पंडित के चचेरे भाई सहित दो पर हमला किया। गोली लगने से घायल दोनों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
तारिक हिजबुल कमांडर बुरहान वानी के ग्रुप में शामिल हुआ था, लेकिन बाद में उसने मई महीने में सुरक्षा बलों के सामने समर्पण कर दिया। पुलिस के अनुसार आतंकियों ने तारिक पंडित के चचेरे भाई शब्बीर अहमद पंडित और मंजूर अहमद को बीती रात 10 बजे गोली मारी।
इसी बीच जम्मू कश्मीर लोक सेवा आयोग (जेकेपीएससी) ने 20 जुलाई 2016 को प्रस्तावित जूलॉजी और हिस्ट्री विषयों के असिस्टेंट प्रोफेसर पदों की साक्षात्कार परीक्षा को स्थगित कर दिया है। जेकेपीएससी के सचिव के अनुसार नई तारीखें जल्द ही घोषित की जाएंगी।
महबूबा ने सबक नहीं लिया : उमर
पूर्व मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने महबूबा सरकार पर पिछले अनुभवों से सबक नहीं लेने का आरोप लगाया है। ट्विटर पर उमर ने लिखा मैंने अपनी गलतियों से सबक लिया और उन्हें दोहराया नहीं। महबूबा न सिर्फ वही गलतियां दोहरा रहीं हैं बल्कि गलतियों के पैमाने को कई गुना बढ़ा रहीं हैं।
उमर ने इससे पूर्व ही कहा था कि वर्ष 2008 और 2010 में जो गलतियां हुईं उससे मौजूदा सरकार ने कोई सबक नहीं लिया है। उमर ने आरोप लगाया कि सरकार हिजबुल कमांडर बुरहान वानी की मौत के बाद बनने वाले हालात का अनुमान लगाने में विफल हुई या फिर हालात को लेकर तैयारी नहीं कर पाई।
अंबिका-सलमान आज श्रीनगर आएंगे
कश्मीर में पिछले कई दिनों से बिगड़े हालात का जायजा लेने के लिए अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी की वरिष्ठ नेता एवं सांसद अंबिका सोनी और पूर्व केंद्रीय मंत्री सलमान खुर्शीद रविवार को श्रीनगर का दौरा करेंगे। पार्टी प्रवक्ता रवींद्र शर्मा के अनुसार वे पार्टी कार्यकर्ताओं, विधायकों के अलावा लोगों से भी बातचीत कर हालात का जायजा लेंगे।