'सीमा पार से खतरा, लेकिन हम तैयार हैं'
पठानकोट हमले के बाद सीमा पार से खतरा बना हुआ है। पर भारतीय सेना किसी भी चुनौती का सामना करने में सक्षम है। यह कहना है सेना की टाइगर डिवीजन के जीओसी मेजर जनरल संजीव नारायण का।
जीओसी ने कहा सेना पूरी तरह से अलर्ट है। कैसी भी परिस्थितियों से निपटने को हमारे जवान हर समय तैयार हैं। नारायण शुक्रवार को आर्मी डे के मौके पर बलिदान स्तंभ में शहीदों को श्रद्धांजलि देने के बाद पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे।
सीमा पर घुसपैठ के की कोशिश में लगे आतंकियों को रोकने में घने कोहरे और धुंध की बाधा पर मेजर जनरल ने कहा कि कोहरा, धुंध और खराब मौसम तो पूरे वर्ष भर चलता रहता है।
सेना सभी चुनौतियों का सामना करने में सक्षम
सेना इस तरह की परिस्थितियों से निपटने के लिए हर तरह से सुसज्जित और प्रशिक्षित है। पठानकोट हमले के बाद उत्तरी कमान के प्रमुख डीएस हुड्डा ने कहा था कि जम्मू, उधमपुर और श्रीनगर आतंकियों के निशाने पर हैं।
यह भी जानकारी दी थी कि सेना की नौ विशेष टीमें तैयार की गईं हैं। रियासत में सेना की ओर से अपने क्षेत्र में की गई तैयारियों पर जीओसी नारायण ने कहा कि यह खुलासा करना अभी ठीक नहीं होगा।
लेकिन, सेना हर मामले पर पैनी नजर रख रही है और किसी भी अप्रिय घटना से निपटने के लिए 24 घंटे तैयार है।