खुलासा: आतंकी नावेद ट्रक के डाले में छिपाकर लाया था हथियार
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
उधमपुर में बीएसएफ के काफिले पर हमला करने वालों के मददगार और ट्रक मालिक शाबजार अहमद भट उर्फ खुर्शीद ने स्वीकार किया है कि उसके ट्रक के डाले में हथियार छुपाकर कश्मीर से उधमपुर तक लाए गए थे।
डाले में एके 47 के अलावा ग्रेनेड छुपाकर रखे गए थे, ताकि किसी को शक न हो। इस दौरान पाकिस्तानी आतंकी मोहम्मद नावेद और मोमिन (बाद में हमले के दौरान मारा गया) भी उनके साथ थे।
उल्लेखनीय है कि लश्कर के ओवर ग्राउंड वर्कर (ओडब्ल्यूजी) शाबजार को नेशनल इन्वेस्टिगेशन एजेंसी (एनआईए) ने 13 अक्तूबर को कुलगाम से गिरफ्तार किया था।
जम्मू की एनआईए अदालत में पेश करने के बाद सात दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया है। साथ ही कोट भलवाल जेल में कैद लश्कर आतंकी नावेद को भी तीन दिन के पुलिस रिमांड पर लिया था, ताकि कई बिंदुओं पर उनकी निशानदेही भी करवाई जा सके।
बताया जाता है कि ज्वाइंट इंटेरोगेशन सेंटर (जेआईसी) में एनआईए की टीम ने नावेद और शाबजार को आमने-सामने बैठाकर पूछताछ करने के अलावा उनसे ‘वन टू वन’ पूछताछ की। पूछताछ में नावेद और शाबजार की कई बातों में समानता भी मिली।
ट्रक को किया एनआईए ने जब्त
जांच के दौरान नावेद से उस ट्रक की निशानदेही करवाई गई, जिसे एनआईए ने जब्त किया है। इसके अलावा दोनों को एनआईए टीम उधमपुर भी लेकर गई, ताकि कुछ स्थानों की निशानदेही करवा कर उसे रिकार्ड में दर्ज करवाया जा सके।
सूत्रो के अनुसार शाबजार ने पूछताछ के दौरान एनआईए को कुछ अन्य संदिग्धों की जानकारी भी दी है। उस आधार पर एनआईए की टीम आने वाले दिनों में छापामारी करेगी।
उधर, नावेद का पुलिस रिमांड सोमवार की शाम चार बजे समाप्त हो जाएगा। उसके पहले उसे सेंट्रल जेल कोट भलवाल के प्राधिकारी के सुपुर्द किया जाएगा।
एनआईए ने नावेद से पूछताछ के आधार पर उसके मददगार शाबजार अहमद भट, फैयाज अहमद इट्टू उर्फ फैयाज वेल्डर और फैयाज अहमद अशवर उर्फ सेठा के गैर जमानती वारंट हासिल किए थे।
एनआईए ने तीनों पर 2-2 लाख रुपये का इनाम भी रखा था। पिछले कई दिनों तक कश्मीर घाटी में छापामारी के बाद सिर्फ खुर्शीद एनआईए के हाथ आया है, जबकि अन्य दो ओडब्ल्यूजी अभी भी परिवार सहित फरार हैं।
एनआईए ने फैयाज वेल्डर और फैयाज सेठा के फिर से वारंट हासिल करने का आवेदन एनआईए की अदालत में किया है। जो संभवत: सोमवार को उन्हें हासिल होंगे।