जम्मू। दोमाना पुलिस ने स्पोर्ट्स विभाग के कोच के खिलाफ नाबालिग के साथ दुष्कर्म करने का प्रयास करने का केस दर्ज किया है। आरोपी के खिलाफ पास्को एक्ट के तहत भी कार्रवाई होगी।
जानकारी के अनुसार खेल विभाग का कोच शम्सदीन स्कूली स्टूडेंट्स को दौड़ लगाने की कोचिंग देता है। शहर के एक महिला कॉलेज में पढ़ने वाली 17 साल की छात्रा को भी वह कोचिंग देता था। किसी काम के बहाने से वह छात्रा को अपने साथ दोमाना स्थित फ्लैट में ले गया। वहां अकेले पाकर कमरे में छात्रा को बंद कर लिया और उसके साथ दुष्कर्म करने की कोशिश की। लड़की ने जब चीखना-चिल्लाना शुरू कर दिया तो आरोपी ने डर कर कमरा खोल दिया। छात्रा वहां से किसी तरह से भाग निकली और अपने घर पहुंच कर आपबीती बताई। हालांकि आरोपी ने छात्रा को धमकी दी थी कि अगर उसने किसी को इसके बारे में बताया तो वह उसे जान से मार देगा, लेकिन छात्रा ने हिम्मत कर बता दिया। पुलिस ने आरोपी कोच को पकड़ लिया है।