कोरोना वायरसः महिला का बेटा रोज जम्मू से जाता था उधमपुर, मौत के बाद पता चला कि वो संक्रमित थी
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
जम्मू संभाग में उधमपुर निवासी कोरोना संक्रमित महिला की मौत के बाद स्वास्थ्य विभाग ने महिला के कोरोना संक्रमण के शिकार होने के कारणों का पता लगाना शुरू कर दिया है। शुरुआती जांच में महिला का यात्रा इतिहास तो सामने नहीं आया, लेकिन महिला का पुलिसकर्मी बेटा हर रोज जम्मू से घर पहुंचता था।
जानकारी के अनुसार करीब डेढ़ सप्ताह पहले अचानक ही महिला की सेहत खराब हो गई। परिवार के सदस्य उसको अपने स्तर पर ही दवाई खिला रहे थे। बुधवार सुबह अचानक महिला की सेहत ज्यादा खराब हो गई और परिवार के सदस्य उसको नारायण अस्पताल ले गए। डॉक्टरों ने महिला की हालत देखी तो उनको कोरोना के संक्रमण का शिकार होने का संदेह हुआ और महिला को तुरंत जीएमसी जम्मू ले जाने को कहा। परिवार के सदस्य दोपहर 12 बजे महिला को लेकर जीएमसी पहुंच गए।
वहां डॉक्टरों ने महिला की जांच की और संदेह के आधार पर उसका कोरोना टेस्ट करवाया। बुधवार देर रात अचानक ही महिला की सेहत ज्यादा खराब हो गई और कुछ समय के बाद उसकी मौत हो गई। वहीं जब महिला की कोरोना टेस्ट रिपोर्ट आई तो पता चला कि महिला कोरोना से संक्रमित थी। इसके बाद उधमपुर की स्वास्थ्य विभाग की टीम ने महिला का यात्रा इतिहास पता लगाना शुरू कर दिया, लेकिन जांच में पता चला कि महिला एक महीने के दौरान कहीं भी नहीं गई। वह घर पर ही थी।
बता दें कि मृतका का बेटा जम्मू-कश्मीर पुलिस में दीवान के पद पर कार्यरत है। फिलहाल वह जम्मू में एक रिटायर्ड पुलिस अधिकारी के घर पर सुरक्षा गार्ड के रूप में तैनात था। वह रोज जम्मू से घर जाता था और सुबह ड्यूटी पर चला जाता था। इसके बाद स्वास्थ्य विभाग ने बेटे को जम्मू में ही क्वारंटीन कर लिया है और उसका कोरोना टेस्ट भी करवाया गया है। वहीं यह भी पता चला है कि बेटा पंजाब के अमनदीप अस्पताल से होकर लौटा था।
महिला का अंतिम संस्कार किया
बुधवार को जीएमसी जम्मू में मृत उधमपुर निवासी 61 वर्षीय कोरोना वायरस की पॉजिटिव महिला का गुरुवार देर शाम को जम्मू के योगी गेट पर अंतिम संस्कार किया गया। इस दौरान पति, बेटा तथा तीन रिश्तेदार मौजूद थे।
18 लोग क्वारंटीन, 12 का टेस्ट कराया गया
मृतका के संपर्क में आने वाले 18 लोगों को क्वारंटीन किया गया है। इसमें 14 लोग उधमपुर और 4 लोग जम्मू में क्वारंटीन किए गए हैं। वहीं 12 लोगों का सैंपल लेकर कोरोना टेस्ट के लिए भेजा गया है।