Corona Update Jammu Kashmir: कोट भलवाल और अंबफला जेल के कर्मी भी मिले संक्रमित, पाबंदियां हटते ही बाजारों में उमड़ी भीड़
प्रदेश में लगातार कोरोना संक्रमण का प्रसार बढ़ता जा रहा है। चौबीस घंटे के भीतर जम्मू संभाग में संभाग में 1210 व कश्मीर संभाग में 2289 मामले आए हैं। 470 मरीज स्वस्थ भी हुए हैं।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
प्रदेश में शनिवार और रविवार को लगाई गई पाबंदियां हटते ही बाजारों में भारी भीड़ उमड़ने लगी। कड़ाके की ठंड के बीच भी लोग बड़ी संख्या में खदीदारी करने पहुंचे। उधर, जम्मू की दोनों जेलों जिला जेल अंबफला और कोट भलवाल के दस कर्मी संक्रमित पाए गए हैं। इससे जेल प्रशासन की चिंता बढ़ा दी है। प्रदेश में पिछले 24 घंटों में कोरोना की तीसरी लहर में अब तक के सबसे ज्यादा 3499 नए मामलों की पुष्टि हुई है। छह मरीजों की मौत भी हुई है, इनमें तीन मरीज जम्मू संभाग व तीन कश्मीर संभाग से हैं।
जम्मू संभाग में 1210 व कश्मीर संभाग में 2289 मामले आए सामने
जम्मू संभाग में 1210 व कश्मीर संभाग में 2289 मामले आए हैं। हालांकि 470 मरीज स्वस्थ भी हुए हैं। प्रदेश में स्वस्थ होने वालों की तुलना में संक्रमितों की संख्या ज्यादा होने के चलते सक्रिय मामले बढ़कर 15883 हो गए हैं। सोमवार को पाबंदियां हटते ही शहर के प्रमुख बाजारों में फिर से भारी भीड़ उमड़ी।
सार्वजनिक परिवहन सामान्य तरीके से चलती रही
सड़कों पर बड़ी संख्या में यातायात चलाता रहा। कश्मीर समेत उधमपुर, कठुआ, सांबा और राजोरी-पुंछ में सार्वजनिक परिवहन सामान्य तरीके से चलती रही। जम्मू के कई इलाकों में पुलिस लोगों को आगाह करती रही। कुछ जगहों पर मास्क न पहनने पर जुर्माना भी वसूला गया।
जम्मू जिले में ड्राइविंग लाइसेंस के ट्रायल टेस्ट 25 तक स्थगित
जम्मू जिले में लगातार बढ़ रहे कोविड मामलों को देखते हुए परिवहन विभाग ने जिले में 25 जनवरी तक ड्राइविंग लाइसेंस का ट्रायल टेस्ट स्थगित कर दिया है। आरटीओ जम्मू धनंतर सिंह ने इसको लेकर एक आधिकारिक आदेश भी जारी किया है। कोविड की स्थिति को देखने के बाद विभाग स्थगित किए ट्रायल टेस्ट की नई तारीख जारी करेगा।
27 जनवरी से ड्राइविंग ट्रायल टेस्ट दोबारा शुरू हो सकते हैं
आरटीओ जम्मू द्वारा जारी आदेश में कहा गया है कि 17 जनवरी से 25 जनवरी तक ड्राइविंग लाइसेंस के सभी ट्रायल टेस्ट स्थगित कर दिए गए हैं। 26 को गणतंत्र दिवस का अवकाश है। ऐसे में अगर कोविड के मामले कम हुए तो 27 जनवरी से ड्राइविंग ट्रायल टेस्ट दोबारा शुरू हो सकेंगे।
जम्मू शहर में कोविड के मामलों में रिकॉर्ड बढ़ोतरी हो रही है। ड्राइविंग ट्रायल टेस्ट में काफी संख्या में लोग एकत्रित होते हैं। ऐसे में आम लोगों की सुरक्षा और संक्रमण के प्रसार को कम करने के लिए परिवहन विभाग ने 25 तक ट्रायल को स्थगित करने का फैसला लिया है। आरटीओ जम्मू धनंतर सिंह ने कहा कि सुरक्षा को देखते हुए ये फैसला लिया गया है। स्थगित हुई ट्रायल की नई तारीख अलग से जारी की जाएगी।