घाटी में फिर माहौल बिगाड़ने की साजिश, सिखों के धार्मिक ग्रंथ से छेड़छाड़
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
कश्मीर घाटी में फिर माहौल बिगाड़ने की साजिश की गई। मध्य कश्मीर के बडगाम जिले में शुक्रवार देर रात एक स्थानीय गुरुद्वारे में चोरी और सिख धर्म ग्रंथों के साथ छेड़छाड़ से तनाव उत्पन्न हो गया। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए एसआईटी का गठन किया गया है।
घटना जिले के चडूरा इलाके के खामपुरा गांव की है, जहां शुक्रवार देर रात गुरुद्वारा छटीपादशाही धर्मशाला में कुछ शरारती तत्व ताला तोड़कर दाखिल हुए। उन्होंने दानपात्र को पलट दिया और उसे तोड़ने की कोशिश की, लेकिन इसमें कामयाब नहीं हो सके।
वहां रखी सिखों की धार्मिक किताब और ग्रंथों के साथ छेड़छाड़ की। घटना की स्थानीय सिख बिरादरी को जानकारी मिलने पर उनमें रोष व्याप्त हो गया। उन्होंने गुरुद्वारा परिसर में एकत्र होकर प्रदर्शन किया। चेताया कि धर्म ग्रंथों के साथ छेड़छाड़ बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
मामले की जांच के लिए एसआईटी का गठन
स्थानीय निवासी जुनीत पाल ने बताया कि शरारती तत्वों द्वारा धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाने की कोशिश कर सांप्रदायिक हिंसा भड़काने का प्रयास किया गया है। अगर यह चोरी की घटना है तब भी निंदनीय है। इसमें जांच हो, ताकि दोषी सबके सामने आ सके।
जिला उपायुक्त और एसपी बडगाम ने मौके का दौरा कर सिख समुदाय को जांच का भरोसा दिलाया है। उन्होंने माइनारिटी पिकेट को और मजबूत करने के निर्देश दिए। पुलिस प्रवक्ता के अनुसार मामले की गंभीरता को ध्यान में रखते हुए तुरंत मामले की जांच के निर्देश दिए गए हैं।
एएसपी बडगाम के नेतृत्व में एसआईटी का गठन किया गया है, जो मामले में जांच करेगी। गौरतलब है कि इससे पहले भी सिख छात्रों को परीक्षा में पगड़ी न बांधकर आने संबंधी स्कूली शिक्षा विभाग के फर्जी आदेश को सोशल मीडिया पर प्रसारित कर तनाव पैदा करने की कोशिश की गई थी।