पशु का अवशेष देख ग्रामीणों ने किया हंगामा, हाइवे जाम
जम्मू के करीब करला पंचायत के शिवगढ़ गांव में मंगलवार की सुबह नाले में किसी पशु का अवशेष और लाल रंग देख ग्रामीणों ने हंगामा किया। पशु की हत्या से आक्रोशित ग्रामीणों ने जम्मू-श्रीनगर हाइवे जाम कर दिया। पुलिस ने जैसे-तैसे लोगों को समझा-बुझाकर जाम खुलवाया।
करला पंचायत के सरपंच पूर्णचंद ने बताया कि शिवगढ़ गांव के लोगों ने उन्हें साढ़े दस बजे के आसपास सूचना दी की गांव में नाले से लाल रंग का पानी आ रहा है। नाले का प्रयोग पानी की आपूर्ति के लिए किया जाता है।
उन्होंने बताया कि नाले में किसी पशु के अवशेष्ा भी दिखाई दिए। पूर्णचंद ने बताया कि वे चकुआ पंचायत के सरपंच जगदीश राज और पचोट गांव के सरपंच प्रकाशचंद सहित अन्य लोगों को लेकर नाले की ओर गए।
एसएचओ और डीएसपी मौके पर पहुंचे
वहां उन्होंने देखा कि किसी पशु की हत्या कर अवशेष नाले में बहा दिए गए थे। सूचना मिलते ही आसपास के ग्रामीणों में रोष फैल गया और उन्होंने नेशनल हाइवे जाम कर दिया।
सूचना पाकर एसएचओ और डीएसपी भी मौके पर पहुंच गए। उन्होंने जैसे-तैसे ग्रामीणों को शांत करने का प्रयास किया। ग्रामीणों ने तुरंत आरोपियों को पकड़ते हुए कड़ी सजा देने की मांग की। वहीं खबर लिखे जाने तक ग्रामीणों का हंगामा जारी था।