फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Jammu and Kashmir ›   Jammu News ›   Delimitation Commission in Jammu Kashmir on 4 Days Visit After Pm Modi All Party Meeting

Jammu Kashmir: परिसीमन आयोग की टीम से मिली कांग्रेस, अलापा अनुच्छेद-370 और 35-ए की बहाली का राग

Tue, 06 Jul 2021 05:31 PM IST
प्राची प्रियम न्यूज डेस्क, अमर उजाला, जम्मू
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, जम्मू Published by: प्राची प्रियम Updated Tue, 06 Jul 2021 05:31 PM IST
सार

परिसीमन आयोग की टीम जम्मू-कश्मीर पहुंच चुकी है। पीडीपी को छोड़ सभी दलों ने मिलने की सहमति दी है। श्रीनगर, पहलगाम, किश्तवाड़ व जम्मू में नुमाइंदों से मिलकर आयोग की टीम फीडबैक लेगी। दौरे को देखते हुए सुरक्षा के कड़े प्रबंध किए गए हैं।

विज्ञापन
Delimitation Commission in Jammu Kashmir on 4 Days Visit After Pm Modi All Party Meeting
परिसीमन आयोग का जम्मू-कश्मीर दौरा - फोटो : अमर उजाला

विस्तार

परिसीमन आयोग के सदस्य प्रदेश के चार दिवसीय दौरे पर श्रीनगर पहुंच चुके हैं। आयोग जम्मू और कश्मीर दोनों संभाग में 200 से ज्यादा प्रतिनिधिमंडलों से मिलेगा। आयोग के जम्मू-कश्मीर दौरे से ठीक पहले पीएजीडी(पीपुल्स अलायन्स फॉर गुपकार डिक्लेरेशन) के दो क्षेत्रीय राजनीतिक दलों ने अलग-अलग रास्ते चुने हैं। एक तरफ नेकां ने घोषणा की है कि पांच सदस्यीय टीम आयोग से मिलेगी, जबकि पीडीपी आयोग से नहीं मिलेगी। बता दें कि महबूबा मुफ्ती की पीडीपी को छोड़कर प्रदेश में पंजीकृत शेष 11 दलों ने परिसीमन प्रक्रिया में शामिल होने पर सहमति जता दी है। इनमें नेकां के अलावा भाजपा, कांग्रेस, पैंथर्स पार्टी, अपनी पार्टी, पीपुल्स कांफ्रेंस, बहुजन समाज पार्टी प्रमुख हैं। कई संगठनों ने भी आयोग से मिलने का समय लिया है। आयोग के दौरे को देखते हुए सुरक्षा के कड़े प्रबंध किए गए हैं।

विज्ञापन


परिसीमन आयोग की टीम से मुलाकात के बाद कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गुलाम अहमद मीर ने कहा 'हमने आयोग से कहा कि देश भर में परिसीमन प्रक्रिया को 2026 तक रोक दिया गया है, लेकिन जम्मू-कश्मीर के लिए इस वर्ष को चुना गया है, आखिर ऐसा क्यों किया जा रहा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और उनकी पार्टी अब जम्मू-कश्मीर के लिए अलग व्यवस्था बना रही है। जब तक अनुच्छेद-370 और 35-ए की बहाली नहीं हो जाती, तब तक इस तरह की कवायद से जम्मू-कश्मीर के लोगों को कोई मदद नहीं मिलेगी। जब तक सरकार हमें परिसीमन की पूरी योजना पेश नहीं करती, तब तक कांग्रेस पार्टी कोई सुझाव नहीं देगी। 5 अगस्त 2019 को हुआ फैसला असंवैधानिक हैं।'
विज्ञापन


नेशनल कांफ्रेंस के नेता नासिर असलम ने कहा कि हमने उन्हें बताया कि 2019 का पुनर्गठन अधिनियम असंवैधानिक है। हमने इसके खिलाफ सुप्रीम कोर्ट का रुख किया है। आयोग को इस पर सुप्रीम कोर्ट के नतीजे का इंतजार करना चाहिए था। 2026 तक अगर देश में परिसीमन नहीं हो रहा है तो जम्मू-कश्मीर में ही क्यों। हमने उनसे कहा कि लोगों को केंद्र सरकार पर विश्वास नहीं रहा है। आयोग को विश्वास बहाल करने और पारदर्शी तरीके से कोशिश करनी चाहिए। परिसीमन का मुख्य मानदंड जनसंख्या के अनुसार प्रक्रिया शुरू करना है।
विज्ञापन
विज्ञापन


उधर, गुलाम नबी मलिक, सीपीआई(एम) महासचिव ने कहा कि हमने अपनी आशंकाओं के बारे में बात की। हमने आयोग की टीम से कहा कि आपकी रिपोर्ट को लोगों को जोड़ना चाहिए न कि बांटना चाहिए। हमने उन्हें बताया कि 5 अगस्त का फैसला असंवैधानिक है लेकिन उन्होंने जवाब दिया कि हमें इससे कोई लेना-देना नहीं है।

वहीं, भाजपा नेता अल्ताफ ठाकुर ने कहा कि हमने उनको (आयोग) बताया कि प्रदेश में कुछ ऐसे निर्वाचन क्षेत्र हैं जिनका एक हिस्सा एक जिले तो दूसरा हिस्सा दूसरे जिले में है। निर्वाचन क्षेत्र एक ही जिले में होना चाहिए। इसके साथ ही अनुसूचित जनजाति की जनसंख्या के हिसाब से आठ-नौ विधानसभा सीटें होनी चाहिए। अल्ताफ ठाकुर ने कहा कि 1995 में हुआ परिसीमन दो परिवारों को फायदा पहुंचाने के लिए हुआ था। 

पीडीपी के परिसीमन प्रक्रिया में न शामिल होने के सवाल के जवाब में अल्ताफ ने कहा कि वो पार्टी अपनी बात पर ही कायम नहीं रहती है। सर्वदलीय बैठक में इन्होंने जल्द से जल्द चुनाव कराए जाने की मांग की थी। लेकिन दिल्ली से वापस आने के बाद पीडीपी इस बात से पलट गई। 

परिसीमन आयोग के दौरे को लेकर पीडीपी मुखिया महबूबा मुफ्ती ने एक पत्र जारी किया है। जिसमें उन्होंने लिखा है कि पीडीपी परिसीमन आयोग को यह पत्र भेज रही है। लोगों की पीड़ा को कम करने के लिए कोई आधारभूत कार्य नहीं किया गया है। राजनीतिक गतिविधि के लिए कोई विश्वसनीय कदम नहीं उठाए गए हैं। जिसको देखते हुए परिसीमन आयोग की बैठक में पीडीपी शामिल नहीं होगी। पीडीपी महासचिव जीएन हंजुरा द्वारा हस्ताक्षरित पत्र में जम्मू-कश्मीर के लोगों के हितों को ठेस पहुंचाने के लिए परिसीमन आयोग के अभ्यास को पूर्व नियोजित होने का आरोप लगाया गया है।

आयोग की अध्यक्ष जस्टिस (सेवानिवृत्त) रंजना देसाई को लिखे गए पत्र में पीडीपी ने कहा कि 5 अगस्त 2019 को संवैधानिक और लोकतांत्रिक मूल्यों को कुचल दिया गया। जम्मू-कश्मीर के लोगों से उनके अधिकार छीन लिए गए। जिसका क्रम अभी भी जारी है। देश भर में परिसीमन प्रक्रिया को 2026 तक रोक दिया गया है लेकिन जम्मू-कश्मीर अपवाद बना दिया गया है। 

बैठक स्थल और आसपास के इलाकों में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ाई गई
इस बीच बैठक स्थल और आसपास के इलाकों में सुरक्षा कवच को कड़ा कर दिया गया है। संवेदनशील इलाकों में सुरक्षाबलों की गई है। साथ ही शहर में कई जगहों पर नाके भी लगाए गए हैं। डल झील में सीआरपीएफ और जम्मू-कश्मीर पुलिस के वॉटर विंग की तैनाती की गई है। कोई अप्रिय घटना न घटे इसके लिए खुफिया विभाग के जवानो को भी सतर्क रहने के निर्देश दिए गए हैं।

आयोग की टीम में आयोग की अध्यक्ष जस्टिस (सेवानिवृत्त) रंजना देसाई, मुख्य चुनाव आयुक्त सुशील चंद्र व राज्य चुनाव आयुक्त केके शर्मा शामिल हैं। कश्मीर में दो दिनों तक आयोग से 60 प्रतिनिधिमंडल मिलेंगे। इनमें श्रीनगर में 43 व पहलगाम में 17 शामिल हैं। 

श्रीनगर में शरद पवार की एनसीपी का कोई पदाधिकारी नहीं है। इस वजह से इस पार्टी का कोई प्रतिनिधि आयोग से मिलने नहीं पहुंचेगा। जम्मू में इस पार्टी के पदाधिकारी आयोग से मिलेंगे। अगले दिन सात जुलाई को आयोग पहलगाम में दक्षिणी कश्मीर के चार जिलों अनंतनाग, शोपियां, कुलगाम व पुलवामा के नुमाइंदों से मिलेगा। यहीं आयोग इन चार जिलों के डीसी से बैठक भी करेगा। दोपहर बाद दल श्रीनगर लौटकर कश्मीर संभाग के शेष छह जिलों श्रीनगर, गांदरबल, बडगाम, बांदीपोरा, बारामुला व कुपवाड़ा के डीसी के साथ परिसीमन के विभिन्न बिंदुओं पर चर्चा करेगा।

आठ जुलाई को दल किश्तवाड़ पहुंचेगा। यहां डोडा, किश्तवाड़ व रामबन के नुमाइंदों से मुलाकात करने के साथ ही इन जिलों के डीसी के साथ बैठक भी करेगा। दोपहर बाद आयोग की टीम जम्मू पहुंच जाएगी। यहां विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधिमंडलों, सामाजिक कार्यकर्ताओं व विभिन्न संगठनों के प्रतिनिधियों से मुलाकात का कार्यक्रम प्रस्तावित है। 

सूत्रों के अनुसार किश्तवाड़ में 50 व जम्मू में लगभग 105 प्रतिनिधिमंडल मिल सकते हैं। नौ जुलाई को परिसीमन आयोग की टीम सात जिलों जम्मू, सांबा, कठुआ, उधमपुर, रियासी, राजोरी और पुंछ के उपायुक्तों के साथ वर्चुअल माध्यम से बैठक करेगी। दौरा संपन्न करने से पूर्व आयोग की टीम पत्रकारों से भी मिल सकती है।

श्रीनगर में नेकां की टीम पूर्व मंत्री अब्दुल रहीम राथर के नेतृत्व में मिलेगी। इसमें मो. शफी उड़ी, मियां अल्ताफ, सकीना इट्टू व नासिर असलम वानी होंगे। जम्मू में संभागीय प्रधान देवेंद्र सिंह राणा के नेतृत्व में सुरजीत सिंह सलाथिया, अजय सडोत्रा, जावेद राणा व सज्जाद अहमद किचलू आयोग से मिलेंगे। 

दौरे से पहले रविवार को गुपकार गठबंधन की डॉ. फारूक अब्दुल्ला के घर पर हुई बैठक में आयोग से मिलने पर कोई फैसला नहीं हो सका था। हालांकि, गठबंधन के प्रवक्ता व सीपीआई (एम) नेता एमवाई तारिगामी ने कहा कि परिसीमन आयोग ने राजनीतिक दलों को बुलाया है। आयोग से मुलाकात करनी है या नहीं, इस पर सभी दल अपने स्तर पर फैसला लेंगे।

विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed