रियासत में ठिठुर रहे हैं लोग, जीवन हुआ अस्त व्यस्त
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
रियासत में खून जमा देने वाली ठंड जारी है। गुलमर्ग और लेह में रात का पारा माइनस 11 डिग्री सेल्सियस से नीचे चला गया है। कारगिल भी माइनस 10.5 डिग्री के साथ ठिठुर रहा है।
जम्मू संभाग के पत्नीटाप, नत्थाटाप, भद्रवाह के पर्वतीय क्षेत्रों में बर्फबारी से नए साल पर बड़ी संख्या में पर्यटकों के पहुंचने की उम्मीद है। उधमपुर सहित कुछ अन्य इलाकों में बारिश भी हुई है।
घाटी के गुलमर्ग और पहलगाम में एक इंच तक बर्फबारी हुई है। शोपियां, सोनमर्ग, अमरनाथ गुफा, शेषनाग, पंजतरणी, जी गली, साधना टाप, राजदान पास में सफेद चादर बिछ गई है।
जिला कठुआ के मल्हार के पहाड़ों पर एक फीट से ज्यादा बर्फ गिरी है। मुगल रोड पर बर्फबारी से यातायात बंद कर दिया गया है। कोहरे से ट्रेनों की लेटलतीफी जारी है।
मौसम विभाग के अनुसार अगले कई दिन तक मौसम साफ रहेगा। बनी के दूरदराज संदरून, कोटी चंडियार, बांजल, जोड़े माता, डग्गर, दुलंगल, नुकनाली, भंडार और सरथल में भारी बर्फबारी हुई है।
छत्तरगलां के नजदीक भारी बर्फबारी के चलते बनी-भद्रवाह सड़क का निर्माण कार्य तीन माह के लिए बंद कर दिया गया है। जम्मू में मौसम साफ रहने के बावजूद कड़ाके की सर्दी पड़ रही है।
यहां रात का पारा पांच डिग्री सेल्सियस के आसपास चल रहा है। दिन का तापमान भी दो डिग्री गिरकर 18.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। रियासत की ग्रीष्मकालीन राजधानी श्रीनगर में दिन का पारा सामान्य से पांच डिग्री कम 4.1 और न्यूनतम तापमान माइनस 0.3 डिग्री सेल्सियस रहा।
विश्व विख्यात स्कीइंग पर्यटक स्थल गुलमर्ग में दिन का पारा माइनस 2.0 दर्ज किया गया। लेह में माइनस 0.4 और कारगिल में माइनस 1.2 डिग्री सेल्सियस रहा। श्री अमरनाथ गुफा के बेस कैंप पहलगाम में पारा चार डिग्री कम 3.2 डिग्री सेल्सियस रहा।
जानिए अपने शहर का तापमान
स्थान न्यूनतम तापमान
गुलमर्ग माइनस 11.4
लेह माइनस 11.3
कारगिल माइनस 10.5
पहलगाम माइनस 6.3
श्रीनगर माइनस 0.3
भद्रवाह माइनस 1.9