चिल्ले शुरू होने से पहले ही घाटी में ठंड बरपा रही है अपना कहर
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
कश्मीर घाटी में लगातार ठण्ड अपना कहर ज़ोरों से बरपा रही है। पारा दिन-ब-दिन लगातार गिरता जा रहा है। लोगों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
मौसम विभाग के अनुसार आने वाले करीब एक सप्ताह तक मौसम ऐसा ही बने रहने की संभावना है। अभी घाटी में चिल-ए-कलान शुरू होने में 2 दिन बाकी हैं लेकिन उससे पहले ही पूरी घाटी में ठण्ड का कहर लगातार जारी है।
दिन में भले ही हल्की धूप खिलती है लेकिन रात में न्यूनतम तापमान में हद से ज्यादा गिरावट दर्ज की जाती है। शनिवार को भी श्रीनगर समेत घाटी के लगभग सभी हिस्सों में अच्छी धूप खिली लेकिन शाम होते ही ठण्ड का एहसास होने लगा।
वहीँ इस ठण्ड से लोगों को काफी मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है। स्थानीय निवासी मकबूल अहमद के अनुसार रात में ठण्ड काफी होती है जिससे काफी मुश्किल होती है। इस कहर से बचने के लिए इंतजाम करने बड़े मुश्किल हो रहे हैं।
वहीं एक और स्थानीय निवासी मोहम्मद अशरफ के अनुसार आज सुबह जब वह उठे तो बाहर खुले में पानी के कईं स्रोत जमे हुए दिखाई दिए। यहाँ तक कि किसी चीज़ में पड़ा पानी भी सुबह जमा हुआ था जो साबित करता है कि रात में तापमान काफी नीचे जाता है।
गुलमर्ग में पारे ने सताया
वहीं अगर तापमान की बात करें तो श्रीनगर में बीती रात इस सीज़न की सबसे सर्द रात रही। श्रीनगर में अधिकतम तापमान 8.4 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया जबकि न्यूनतम तापमान माइनस 4.4 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया।
इसके अलावा घाटी में सबसे ज़्यादा सर्दी विश्व प्रसिद्ध गुलमर्ग में महसूस की गई जहाँ न्यूनतम तापमान माइनस 10.5 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया जबकि उसके बाद पहलगाम में सर्दी महसूस की गई जहाँ तापमान माइनस 7.9 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।
गौरतलब है कि मौसम विभाग द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार घाटी में अगले करीब एक सप्ताह तक मौसम ऐसा ही बने रहने की संभावना है और चिल-ए-कलान के शुरू होने पर तापमान में और गिरावट दर्ज दी जाएगी।
चिल-ए-कलान कश्मीर में उन 40 दिनों को कहते हैं जिन दिनों भीषण सर्दी पड़ती है और रिवायती तौर पर चिल-ए-कलान 21 दिसंबर से शुरू होता है।