अनंतनाग उपचुनाव: मुख्यमंत्री महबूबा मुफ्ती की जीत लगभग तय
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
अनंतनाग उपचुनाव के लिए चुनाव प्रचार चरम पर है। सभी दलों ने ताकत झोंक दी है। मुख्यमंत्री महबूबा मुफ्ती के चुनाव में होने की वजह से यह सीट पीडीपी के लिए प्रतिष्ठा से जुड़ गई है। पीडीपी के कई मंत्री तथा पदाधिकारी लगातार कैंप कर रहे हैं।
महबूबा पिता के विकास कार्यों को आगे बढ़ाने के लिए वोट मांग रही हैं, तो विपक्षी नेकां और कांग्रेस संघ परिवार से गठजोड़ के नाम पर उसे घेरने की भरपूर कोशिश कर रही है। महबूबा विपक्षी प्रत्याशियों से काफी आगे नजर आ रही हैं। ऐसे में उनकी जीत तय मानी जा रही है।
इस सीट के लिए मतदान 22 को है। प्रचार अभियान एक दिन पहले बंद हो जाने की वजह से अब लोगों के पास प्रचार के लिए मात्र तीन दिन का ही समय रह गया है। ऐसे में सभी मतदाताओं को अपने पक्ष में करने में जुटे हुए हैं।
नेकां के कार्यकारी अध्यक्ष उमर अब्दुल्ला तथा पार्टी के कई विधायकों ने मोर्चा संभाल रखा है। कांग्रेस से प्रदेश अध्यक्ष जीए मीर स्वयं अगुवाई कर रहे हैं। दोनों ही दल भाजपा के साथ गठबंधन के नाम पर पीडीपी पर हमले कर रहे हैं। साथ ही उन्हें यह समझाने की कोशिश कर रहे हैं कि पीडीपी केवल सत्ता के लिए कश्मीर के हितों के साथ खिलवाड़ कर रही है।
विपक्षी नेकां और कांग्रेस महबूबा को घेरने में जुटीं
उधर, पीडीपी की ओर से महबूबा स्वयं तो प्रचार कर ही रही हैं। रोड शो के जरिये वे मतदाताओं तक पहुंचकर पिता के क्षेत्र के विकास के सपनों को साकार करने के लिए वोट मांग रही हैं। राज्य मंत्री अब्दुल रहमान वीरी, पार्टी महासचिव सरताज मदनी और सज्जाद मुफ्ती लगातार कैंप कर रहे हैं। इसके साथ ही कई विधायक भी लगातार क्षेत्र में दौरे कर मतदाताओं को पीडीपी के पक्ष में मतदान के लिए तैयार कर रहे हैं।
वोटरों पर हर दल ने गड़ाई निगाह
पुरुष-42733
महिला-40841
कुल वोटर : 83574
कुल बूथ : 102
चुनाव की तैयारियां पूरी
मुख्य निर्वाचन अधिकारी (सीईओ) शांतमनु का कहना है कि चुनाव की तैयारियां मुकम्मल कर ली गई हैं। पर्याप्त सुरक्षा के इंतजाम रहेंगे। निष्पक्ष तथा पारदर्शी चुनाव के लिए चार आब्जर्वर नियुक्त किए गए हैं। मतदाताओं को बिना किसी भय तथा डर के मतदान के लिए आना चाहिए।
ये हैं मैदान में
महबूबा मुफ्ती (पीडीपी), इफ्तिखार हुसैन मिसगर (नेकां), हिलाल अहमद शाह (कांग्रेस) और निर्दल प्रत्याशी के रूप में मंजूर अहमद खान, मुजीबउर्र रहमान, मसरूर अहमद मीर, मुश्ताक अहमद शाह, तेजिंदर सिंह।
अनंतनाग चुनाव परिणाम
1967 शम्सुद्दीन (कांग्रेस) निर्विरोध
1972 शम्सुद्दीन (कांग्रेस) 7401 प्यारी लाल हंडू (निर्दल) 5383
1977 मिर्जा मो. अफजल बेग 15893 शेख अब्दुल मजीद (जेएनपी) 9283
(जेकेएन)
1983 मिर्जा महबूब बेग (जेकेएन) 15575 गुलाम हसन नायक (कांग्रेस) 9963
1987 मो. सईद शाह (निर्दल) 24800 मिर्जा मसूद बेग (कांग्रेस) 8095
1996 सफदर अली बेग (जेकेएन) 6066 बशीर अहमद दादा (जेकेएएल) 5448
2002 डा. महबूब बेग (जेकेएन) 3513 लियाकत अली खान 652
2008 मुफ्ती मोहम्मद सईद (पीडीपी) 12439 मिर्जा महबूब बेग (जेकेएन) 7548
2014 मुफ्ती मोहम्मद सईद (पीडीपी) 16983 हिलाल अहमद शाह (कांग्रेस) 10955