JK: बुद्धल में बादल फटा, तीन मकान तबाह
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
बारिश का कहर जारी है। राजोरी जिले की बुद्धल तहसील के खवास क्षेत्र में शनिवार की देर रात बादल फटने से भारी तबाही मची। तेज बहाव से बेला नाले के किनारे तीन कच्चे घर ढह गए। आटे की 10 चक्कियां जलमग्न हो गईं।
बिजली-पानी सेवा ठप होने के साथ जिला मुख्यालय से खवास का संपर्क कटा हुआ है। इलाके में मक्की की फसल नष्ट हो गई। इस बीच, उधमपुर के खैरी इलाके में पहाड़ी से मलबे के दोबारा रास्ते पर आ जाने से 12 घंटे जम्मू-श्रीनगर हाईवे बंद रहा।
इसके चलते जम्मू आधार शिविर से दूसरे दिन भी अमरनाथ यात्रियों का जत्था रवाना नहीं हो सका। हाईवे बंद होने से मचेल यात्रियों को भी परेशानी झेलनी पड़ी। जिला कठुआ के कई संपर्क मार्ग तेज बारिश से प्रभावित हुए। कटड़ा-सांझीछत चापर सेवा दूसरे दिन भी ठप रही। मौसम विभाग के अनुसार अगले 24 घंटों में राज्य के कुछ हिस्सों में बारिश होगी।
कठुआ जिले के कई संपर्क मार्ग प्रभावित
शनिवार की रात 12 बजे उधमपुर के खैरी क्षेत्र में तेज बारिश के बाद पहाड़ी से मलबा दोबारा सड़क पर आ गया। सुबह होते दोनों ओर से सैकड़ों वाहनों का जाम लग गया। सेना और दूसरी संबंधित एजेंसियों ने रविवार दोपहर मलबा हटाकर हाईवे को क्लीयर किया।
इसके बाद जाम के बीच वाहनों को आगे रवाना किया गया। कठुआ के वार्ड तीन में एक मकान की छत बारिश से ढह गई। हालांकि, कोई जानी नुकसान नहीं हुआ। नगरी टोल प्लाजा से सैदपुर गांव और उसके बाद पंजाब जाने वाला मार्ग बारिश से बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया है।
कठुआ से महानपुर जाने वाले वैकल्पिक हाईवे पर सतवाईं के निकट सड़क धंस जाने से दोनों तरफ का यातायात ठप रहा। बिलावर में धार-डुग्गनू मार्ग पस्सियां गिरने से बंद हो गया है।