छात्र में बादल फटा, भारी तबाही, एक की मौत
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
रियासत में खराब मौसम से बादलों के फटने का सिलसिला जारी है। सोमवार देर रात किश्तवाड़ के छात्रू इलाके में बादल फटने से गागरड़ी में तबाही मची। तेज बहाव से कई कनाल जमीन का पानी में कटाव हो गया।
निचले इलाके खारियन में मलबे के साथ पानी लोगों के घरों में जा घुसा। किश्तवाड़-अनंतनाग हाईवे को घंटों बाद कड़ी मशक्कत से मंगलवार सुबह खोला गया। इस बीच रामनगर के पंचग्राई इलाके में नाले में बह जाने से एक 62 वर्षीय वृद्धा टन्नी की मौत हो गई।
परगवाल के नरसिंहपुरा में सौ साल पुराना भगवान नरसिंह का मंदिर गिर गया। कठुआ में भी बारिश ने इलाके की संपर्क सड़कों की हालत बिगाड़ दी है। भूस्खलन और पस्सियां गिरने से कई मार्गों पर यातायात पूरी तरह बंद है।
किश्तवाड़-अनंतनाग हाईवे घंटों ठप रहा
बिलावर-सुकराला, सुकराला-मछेड़ी, बिलावर-कटली, फिंतर-भड्डू, फिंतर-मांडली वाया किशनुपर डुंगारा, थडाकल्बाल-सैलना, मांडली-कोहग समेत कई मार्ग क्षतिग्रस्त हुए हैं।
भूस्खलन और पस्सियां गिरने से धार-डुग्गनू, टिल्ला गढ आदि मार्ग यातायात के लिए बंद हैं। धार-महानपुर और धार-डुगनू की दर्जनों पंचायतें बसोहली और बिलावर तहसील मुख्यालयों से कटी हैं।
विश्वविख्यात स्कीइंग पर्यटक स्थल गुलमर्ग न्यूनतम तापमान 13.0 डिग्री सेल्सियस के साथ सबसे सर्द रहा। मौसम विभाग के अनुसार आगामी 26 जुलाई तक मौसम से इसी तरह से उतार-चढ़ाव रहेगा।
26 जुलाई तक मौसम में उतार-चढ़ाव जारी रहेगा
इसमें 25 जुलाई को अधिकतर इलाकों में बारिश होगी। भारी बारिश की सूरत में घाटी और जम्मू संभाग के कई पहाड़ी इलाकों में बादल फटने की आशंका है। बारिश से राज्य के अधिकांश हिस्सों में पारा सामान्य से नीचे चला गया है।
पिछले चौबीस घंटों में जम्मू में 101.1 मिलीमीटर बारिश के साथ दिन का अधिकतम तापमान सामान्य से तीन डिग्री कम 30.2 और न्यूनतम 25.5 डिग्री सेल्सियस रहा, लेकिन उमस से दिन में आर्द्रता का प्रतिशत 84 रहा। श्री माता वैष्णो देवी के आधार शिविर कटड़ा में 8.7 मिलीमीटर बारिश हुई।
यहां दिन का अधिकतम तापमान सामान्य से एक डिग्री कम 29.1 और न्यूनतम 23.2 डिग्री सेल्सियस रहा। श्री अमरनाथ गुफा के बेस कैंप पहलगाम में 6.6 मिलीमीटर बारिश के साथ दिन का तापमान सामान्य से तीन डिग्री कम 22.0 और न्यूनतम 16.0 डिग्री सेल्सियस रहा।
लेह में 28.2 और कारगिल में दिन का तापमान 24.8 डिग्री सेल्सियस रहा। अगले चौबीस घंटों में जम्मू में पारा 30-23 डिग्री के बीच रहेगा।