एग्रीकल्चर अफसर के नाम का पत्र वायरल, मंत्री से खुद की जान को बताया खतरा
सोशल साइट वाट्सएप पर किश्तवाड़ के चीफ एग्रीकल्चर अफसर के नाम से एसएसपी जम्मू को लिखा एक पत्र वायरल हो रहा है। इस पत्र में अधिकारी ने किश्तवाड़ के विधायक और मंत्री सुनील शर्मा सहित आधा दर्जन लोगों से खुद की जान को खतरा बताते हुए सुरक्षा मांगी है।
अधिकारी ने पत्र में अपने नाम के साथ मोबाइल नंबर भी दिया है। इस नंबर पर बात करने पर उक्त शख्स ने खुद का नाम सुनील कपाही बताते हुए पुष्टि की कि पत्र उसी का लिखा हुआ है।
सुनील कपाही के वायरल हुए पत्र में लिखा है कि उनको मंत्री सुनील शर्मा, कृषि विभाग के आयुक्त सचिव संदीप नायक, किश्तवाड़ के स्थानीय डीएसपी, डीएओ एक्सटेंशन एग्रीकल्चर किश्तवाड़ रमेश भगत, सहायक सॉयल कंजरवेशन किश्तवाड़ सतीश शान, मंत्री के करीबी राजकुमार और आशीष कुमार से उन्हें जान का खतरा है।
कुछ ने ऐसी किसी भी बात से किया इनकार: एसएसपी किश्तवाड़
वह सोमवार को तड़के अपनी नैनो कार (जेके 02 बीए, 4131) से किश्तवाड़ जा रहे हैं। वहां पहुंचने तक रास्ते में उनके साथ कोई भी घटना होती है तो इसके जिम्मेदार उक्त लोग होंगे। इस संबंध में देर रात जम्मू के एसएसपी सुनील गुप्ता ने कहा कि अभी इस पत्र की पुष्टि कर पाना संभव नहीं है, जबकि मंत्री सुनील शर्मा से भी दो बार संपर्क करने की कोशिश की गई, पर उनसे बात नहीं हो पाई।
किश्तवाड़ के एसएसपी संदीप वजीर का कहना है कि उनके पास लिखित में कोई पत्र नहीं पहुंचा है। उन्होंने भी वाट्सएप पर पत्र देखा है। इसके आधार पर पत्र में दिए नामों में से कुछ लोगों से बात भी की गई। इन लोगों ने ऐसी किसी बात से इंकार किया है। चीफ एग्रीकल्चर अफसर ने भी उनसे बात की है। पुलिस किश्तवाड़ आने पर उनसे पूरे मामले की जानकारी लेगी।