अमरनाथ यात्रा की सुरक्षा को बहुत सर्तक है केंद्र
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
केंद्रीय गृह सचिव एलसी गोयल ने रविवार को अमरनाथ यात्रा की तैयारियों तथा सुरक्षा संबंधी पहलुओं की जानकारी ली। दो दिवसीय दौरे पर पहुंचे गृह सचिव ने आला अफसरों के साथ बैठक कर यह हिदायत दी कि अमरनाथ यात्रियों की सुरक्षा में किसी प्रकार की चूक नहीं होनी चाहिए। हर हाल में यात्रा सकुशल संपन्न होनी चाहिए। इसके लिए राष्ट्र विरोधी तत्वों पर पैनी नजर रखी जाए तथा सुरक्षा एजेंसियों और प्रशासन के बीच बेहतर तालमेल होना चाहिए। गोयल सोमवार को यात्रा के बेस कैंप नुनवन तथा पहलगाम जाकर तैयारियों का मौके पर निरीक्षण करेंगे।
साथ ही परंपरागत ट्रैक चंदनबाड़ी में भी सुरक्षा तथा अन्य सुविधाओं की समीक्षा करेंगे। सूत्रों के अनुसार बैठक में गृह सचिव को अमरनाथ यात्रा की तैयारियों के विषय में जानकारी देते हुए बताया गया कि लखनपुर से लेकर बेस कैंप तक कड़ी सुरक्षा रहेगी। यात्रियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए ट्रैफिक पुलिस तथा अन्य विभागों को हिदायत दे दी गई है। आधार शिविर तथा बेस कैंप में यात्रियों के लिए उपलब्ध सुविधाओं, बिजली-पानी की सप्लाई तथा शौचालय एवं कूड़ा कचरा प्रबंधन की भी जानकारी दी गई।
उन्हें यह भी बताया गया कि दोनों ट्रैक को साफ करा लिया गया है। सोमवार से बिजली-पानी तथा टेलीफोन की सुविधा बहाल हो जाएगी। इस बार आटोमैटिक वेदर फोरकास्ट सिस्टम स्थापित किया गया है जिससे मौसम के बिगड़ने की पहले ही जानकारी हासिल हो जाएगी। वेदर फोरकास्ट से संबंधित सूचनाएं दोनों बेस कैंप पर डिस्प्ले की जाएंगी। रियासत के प्रवेश द्वार से ही यात्रियों की सुविधाओं का ख्याल रखा जाएगा।
बैठक में अमरनाथ यात्रा सुरक्षा से जुड़े पहलुओं की भी जानकारी दी गई। यह बताया गया कि पूरे यात्रा मार्ग पर सुरक्षा के कड़े प्रबंध किए गए हैं। नेशनल हाईवे पर भी अलर्ट है। संवेदनशील तथा अति संवेदनशील स्थान चिह्नित कर लिए गए हैं। यहां थ्री तथा फोर लेयर सुरक्षा व्यवस्था रहेगी। सुरक्षा एजेंसियों के साथ ही विभिन्न विभागों के बीच बेहतर तालमेल स्थापित करने के लिए कई बैठकें हो चुकी हैं। सभी को एक-दूसरे के फोन नंबर भी दे दिए गए हैं।
पहली बार एंटी फिदायीन दस्ते तथा माउंटेन रेस्क्यू टीम को लगाया गया है। लगातार स्थिति पर नजर रखी जा रही है। बैठक में उन्हें घाटी में घुसपैठ रोकने के लिए किए जा रहे प्रयासों की भी जानकारी दी गई। इस दौरान चिनार कोर के जीओसी लेफ्टिनेंट जनरल सुब्रत साहा, डीजीपी के राजेंद्रा, आईजी, सीआईडी तथा सीआरपीएफ के अधिकारी उपस्थित रहे।
राज्यपाल से भी मिल
केंद्रीय गृह सचिव ने राजभवन जाकर राज्यपाल तथा श्री अमरनाथ श्राइन बोर्ड के चेयरमैन एनएन वोहरा से भी मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने अमरनाथ यात्रा की तैयारियों, यात्रियों के लिए उपलब्ध सुविधाओं तथा सुरक्षा व्यवस्था पर चर्चा की। उन्होंने भरोसा दिलाया कि यात्रा को सकुशल तथा शातिपूर्वक संपन्न कराने के लिए केंद्र हर संभव सहायता उपलब्ध कराएगा।