सीज फायर का उल्लंघन पाक की बौखलाहट है: निर्मल सिंह
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
उपमुख्यमंत्री डा. निर्मल सिंह ने कहा कि सीमा पार से लगातार सीज फायर का उल्लंघन पाक की बौखलाहट है। पाक ने आतंकवाद को पनाह दी है और आज खुद वह इसके मुहाने पर खड़ा है। इसलिए वह खुद अपने लोगों का ध्यान केंद्रित करने के लिए ऐसे घिनौने कार्य कर रहा है।
जम्मू-कश्मीर में मौजूदा हालात कांग्रेस की नीतियों की देन हैं। पाक गोलाबारी का भारतीय सेना मुंहतोड़ जवाब दे रही है। केंद्र और राज्य सरकार लोगों के जानमाल की सुरक्षा के लिए वचनबद्ध है। सीमावर्ती क्षेत्रों में पक्के बंकर के प्रस्ताव पर लगभग काम पूरा कर लिया गया है।
अंतरराष्ट्रीय सीमा और एलओसी पर पक्के बंकर बनाकर लोगों की सुरक्षा को मजबूत बनाया जाएगा। इस बीच रविवार को उपमुख्यमंत्री ने जीएमसी जम्मू में पुंछ के बालाकोट से पाक गोलाबारी से घायल होकर आए चार लोगों को रीजनल रेडक्रास के माध्यम से पांच-पांच हजार रुपये के चेक वितरित किए।
नीतियों के बदौलत आतंकवाद का सामना करना पड़ रहा
डा. सिंह ने कहा कि सन 1947, 1965 और 1971 में कांग्रेस के कार्यकाल में ऐन मौके पर पाक को करारा जवाब नहीं दिया गया। 1971 में पाक के 90000 सैनिक बंधक बनाए गए थे, लेकिन तब भी कांग्रेस की कमजोर नीतियों के चलते समझौता कर लिया और आज उन्हीं नीतियों के बदौलत आतंकवाद का सामना करना पड़ रहा है।
पीओके मसले को लेकर भारत गंभीर है। देश विरोधी ताकतों को कुचलने के लिए ठोस कदम उठाए जा रहे हैं। इस दौरान उपमुख्यमंत्री ने जीएमसी की इमरजेंसी का दौरा किया। अस्पताल प्रशासन को पाक गोलाबारी के घायलों को सभी चिकित्सा सुविधाएं निशुल्क मुहैया करवाने के निर्देश दिए गए।
इसके बाद उपमुख्यमंत्री ने जगती का दौरा कर स्लाटर हाउस के लिए भूमि अधिग्रहण की जानकारी ली। उन्होंने निर्देश दिए कि प्रोजेक्ट को मुकम्मल बनाने पर तेजी से काम किया जाए। इसके लिए सभी रुकावटों को दूर किया जाए। इस दौरान नगर निगम के आयुक्त सौजन्य शर्मा सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।