पाक ने फिर बरसाए मोर्टार, LOC पर हाईअलर्ट
पाकिस्तान सीमा पार से गणतंत्र दिवस से पहले भारी संख्या में आतंकियों को घुसपैठ कराने की फिराक में है। सीमा पर कुछ दिन की खामोशी के बाद पाकिस्तानी रेंजरों ने एक बार फिर सीजफायर का उल्लंघन करते हुए सांबा सेक्टर में बीएसएफ की चौकियों पर मोर्टार दागे।
सोमवार रात सांबा सेक्टर में जवानों ने सीमा पर संदिग्ध हलचल भी देखी। रेंजरों ने सीमा पर बैनगलाड़ और सुचेतगढ़ क्षेत्र में भी गोलाबारी की। बीएसएफ के जवानों ने भी जवाबी फायरिंग की।
रविवार देर रात पाक की ओर से सांबा सेक्टर में बीएसएफ की कुछ चौकियों को निशाना बनाकर पहले फायरिंग की गई। इसके बाद रेंजरों ने मोर्टार भी दागने शुरू कर दिए।
गणतंत्र दिवस समारोह में खलल डालने की साजिश
बीएसएफ जवानों की ओर से भी पाकिस्तानी गोलाबारी का मुंहतोड़ जवाब दिया गया। बीएसएफ के उच्च पदस्थ सूत्रों के मुताबिक पाकिस्तान गणतंत्र दिवस समारोह में खलल डालने की साजिश के तहत घने कोहरे की आड़ में आतंकियों को घुसपैठ कराने की फिराक में है।
पर अपनी कोशिशों में नाकाम होने के चलते पाकिस्तान की ओर से बार बार सीजफायर का उल्लंघन किया जा रहा है। बीएसएफ सूत्रों के मुताबिक पाकिस्तान की ओर से हीरानगर बेल्ट की करोल कृष्णा और लौंडी पोस्ट पर भी रविवार रात गोलाबारी की गई।
यहां भी बीएसएफ के जवानों द्वारा पाकिस्तान को मुंहतोड़ जवाब दिया गया। पाकिस्तान की गोलाबारी में एक महिला और चार जवान शहीद हो गए जबकि 20 हजार से अधिक सीमांत ग्रामीणों को अपने घर छोड़कर राहत शिविरों में रहना पड़ा रहा है।