आएंगे कश्मीर तो भूल जाएंगे स्विट्जरलैंड
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
बालीवुड अभिनेता अनुपम खेर ने मंगलवार को मीडिया से पर्यटकों के बीच घबराहट पैदा करने से परहेज करने के लिए कहा। उन्होंने कहा कि पर्यटकों को बार-बार बाढ़ जैसी स्थिति के बारे में दिखा कर परेशान करने की जरूरत नहीं है। खेर ने टीवी चैनलों से अनुरोध किया कि वह पर्यटकों में घबराहट पैदा करने के बजाए कश्मीर के पर्यटन को बढ़ावा देने में सहयोग करें।
विश्व प्रसिद्ध पर्यटन स्थल गुलमर्ग में प्रेस कांफ्रेंस के दौरान अनुपम खेर ने देशी विदेशी पर्यटकों से बिना किसी झिझक के कश्मीर घूमने आने को कहा। उन्होंने कहा कि कश्मीर धरती का स्वर्ग है। कश्मीर जैसी खूबसूरत जगह और कहीं भी देखने को नहीं मिलेगी।
खेर के अनुसार वह ऑस्ट्रेलिया, इस्तांबुल, मलेशिया, जर्मनी, स्विट्जरलैंड जैसी जगहों पर घूम चुके हैं, लेकिन वह पूरे यकीन के साथ कह सकते हैं कि कश्मीर जैसी कोई और जगह नहीं।
'कश्मीर में सब कुछ ठीक है'
अनुपम खेर को राज्य के मुख्यमंत्री मुफ्ती मोहम्मद सईद ने आमंत्रित किया है, ताकि वह पर्यटकों को यहां की सही स्थिति के बारे में अवगत करवा सकें। खेर ने बताया कि जब उन्हें फोन कर यहां आने के लिए कहा गया तो उन्होंने हां कर दी, क्योंकि उन्हें कश्मीर की धरती से बहुत प्यार है।
उन्होंने कहा कि कई मीडिया हाउस ने पर्यटन सीजन शुरू होने से ठीक पहले बाढ़ के खतरे को तोड़ मरोड़ कर दिखाया। मुझे यहां अब सब कुछ ठीक लग रहा है। उन्होंने पर्यटकों से कहा कि वह कश्मीर घूमने आएं, वह गोवा स्विट्जरलैंड सब भूल जाएंगे। अनुपम खेर ने केंद्र सरकार के साथ-साथ राज्य सरकार से राज्य के विकास पर ध्यान देने का अनुरोध किया।
उन्होंने कहा कि मैं गुलमर्ग तक सड़क के रास्ते पहुंचा। सड़क की हालत देख काफी दुख हुआ। खेर ने कहा कि पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए पहले मूलभूत सुविधाओं पर ध्यान होगा।