खुलासा: दीनानगर हमले के आतंकियों के साथ थे दोनों आतंकी
चिनैनी के नरसू में हुए हमले में शामिल दोनों आतंकी पंजाब के दीनानगर में हुए हमले में शामिल आतंकियों के साथी थे। दोनों आतंकियों को जम्मू कश्मीर में आतंकी हमला करने का जिम्मा सौंपा गया था।
एक साथ पांच आतंकी पाकिस्तान में लश्करे तैयबा के शिविर में प्रशिक्षण ले चुके हैं। इनमें से तीन मारे गए गए हैं। एक दबोच लिया गया, जबकि पांचवें आतंकी को लेकर अभी तक असमंजस बना हुआ है।
बताया जा रहा है एक अन्य आतंकी नरसू नाले के नीचे की तरफ निकल गया है। कवर फायर देने के बाद सुरक्षा बलों की भीड़ को देखते हुए बचा हुआ आतंकी फरार हो गया।
पुंछ सेक्टर में घुसपैठ कर जम्मू कश्मीर में घुसे
सूत्रों के अनुसार पांचों आतंकी काफी दिन पहले पुंछ सेक्टर में घुसपैठ कर जम्मू कश्मीर में घुसे थे। इन सभी आतंकियों की उम्र 18 से 22 साल के बीच है। सभी को दो और तीन की संख्या में अलग-अलग जगह हमला करने का जिम्मा सौंपा गया। सभी नए प्रशिक्षु थे इसलिए उनका टारगेट पूरी तरह से तय नहीं हो पाया।
चिनैनी के नजदीक नरसू नाले के पास दोनों आतंकी मंगलवार को निजी वाहन से निकले। वह स्थानीय स्लीपर सेल में रुके और सुबह होते ही अपने टारगेट पर निकल गए। उनका निशाना सुरक्षा बल था।
उन्हें पता था कि बीएसएफ जवानों की टुकड़ी बिना हथियार के श्रीनगर के पंथा चौक के लिए रवाना हो गई है। उसे निशाना बनाया गया। यह भी बताया जा रहा है कि इनमें से एक आतंकी नाश्ते के लिए ढाबे पर पराठे लेने आया था।