धमाके से दहशत: पुंछ के सुरनकोट में डीडीसी सदस्य के घर पर विस्फोट, धमाका होते ही परिवार के लोग जमीन पर लेटे
सुरनकोट के गांव फजलाबाद में धमाके के बाद बड़ी संख्या में लोग, पुलिस और सेना के जवान मौके पर एकत्र हो गए। पूरे क्षेत्र की जांच करने के उपरांत पुलिस क्षतिग्रस्त गाड़ी को थाने ले गई।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
सुरनकोट के गांव फजलाबाद में डीडीसी सदस्य सुरनकोट-बी सोहेल मलिक के घर के बाहर धमाके से दहशत का माहौल बन गया। धमाके से मलिक की बोलेरो एक्सयूवी गाड़ी क्षतिग्रस्त हो गई। गाड़ी के नीचे बैठी एक बिल्ली की मौत हो गई। विस्फोट की जगह फर्श में गड्ढा हो गया। घर की दीवारों पर भी स्पलिंटर लगे।
इस धमाके के बाद बड़ी संख्या में स्थानीय लोग, पुलिस और सेना के जवान मौके पर एकत्र हो गए। पूरे क्षेत्र की जांच करने के उपरांत सुबह चार बजे पुलिस क्षतिग्रस्त गाड़ी को थाने ले गई। सोहेल मलिक ने बताया कि वीरवार रात करीब साढ़े दस बजे हम सब घर के अंदर थे।
घर के आंगन में कुछ वस्तु गिरने की आवाज आई, उसके कुछ ही पलों के बाद जोरदार धमाका हुआ, जिसकी आवाज पूरे इलाके में सुनाई दी। धमाका होते ही हम लोग भी घर के अंदर जमीन पर लेट गए। हम सब घर के अंदर थे, जिससे कोई जानी नुकसान नहीं हुआ।
आतंक का गढ़ रहा है फजलाबाद
सुरनकोट का फजलाबाद आतंकवाद के दौर में आतंकियों का बड़ा गढ़ था। कभी दिन के समय भी बाहर से किसी की आवाजाही नहीं होती थी। आतंकी इस क्षेत्र को मिनी पाकिस्तान कहते थे। आतंकवाद की पृष्ठभूमि को देखते हुए सुरक्षाबल इस मामले को गंभीरता से ले रहे हैं।
बैरिंग की गोलियां मिलीं, देसी बम से हमले की आशंका
धमाके के बाद मौके से स्टील बैरिंग की गोलियां मिली हैं। पहले तो माना जा रहा था कि गाड़ी का टायर फटने से धमाका हुआ, लेकिन स्पलिंटर के निशान से यह बम से किया गया धमाका प्रतीत हो रहा है। जांच के लिए पहुंचे एसएसपी रोहित बसकोत्रा, एएसपी मुशीम अहमद समेत अन्य अधिकारियों ने छानबीन पर कोई भी बात करने से इनकार कर दिया। हालांकि सुरक्षा एजेंसियां ग्रेनेड हमले के एंगल से भी जांच कर रही हैं। अभी तक पुख्ता तौर पर विस्फोट पर कोई दावा सामने नहीं आया है।