फतह के लिए भाजपा ने बनाई खास रणनीति
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
लोकसभा चुनाव में भारी बहुमत से केंद्र में सरकार बना चुकी भाजपा अब जम्मू कश्मीर की सत्ता पर काबिज होने की तैयारी कर रही है। मिशन 44 के लिए भाजपा ने रणनीति बना ली है। आने वाले दिनों में कांग्रेस और नेकां के कई बड़े चेहरे भी भाजपा में शामिल हो सकते हैं।
पार्टी सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार भाजपा के संपर्क में एक विधायक से लेकर बार एसोसिएशन के पूर्व प्रधान और समाज के विभिन्न वर्गों के जाने माने चेहरे शामिल हैं।
खबर है कि चुनाव फतह करने के लिए पार्टी पुराने लोगों को हटाकर कुछ नए चेहरों को टिकट दे सकती है। आने वाले दिनों में परिवर्तन यात्रा के बीच ऐसे चेहरे पार्टी में शामिल हो सकते हैं।
अमित शाह के साथ बनाई रणनीति
पार्टी के नवनियुक्त राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह के साथ नई दिल्ली में प्रदेश भाजपा की कोर कमेटी की पहली बैठक भी हो चुकी है। प्रदेश महासचिव बाली भगत का कहना है कि राष्ट्रीय अध्यक्ष के साथ पहली बैठक में चुनाव की तैयारियों पर चर्चा से लेकर प्रदेश पदाधिकारियों का परिचय हुआ।
25 जुलाई से शुरू होने जा रही परिवर्तन यात्रा की तैयारियों पर भी चर्चा हुई है। इसमें यह फैसला हुआ कि इस यात्रा में 12 केंद्रीय मंत्रियों के अलावा भाजपा शासित प्रदेशों के मंत्री भी रैलियों में हिस्सा लेंगे और चुनाव पूर्व भाजपा के पक्ष में हवा बनाएंगे।
प्रदेश कोर कमेटी ने सितंबर महीने में जम्मू, उधमपुर, कश्मीर, कारगिल और लद्दाख में मोदी की रैलियां करवाए जाने का आग्रह भी राष्ट्रीय अध्यक्ष से की। हालांकि इन रैलियों के लिए प्रधानमंत्री का समय देखकर ही फैसला लिया जाएगा।