अनुच्छेद 370 पर नहीं बदली विचारधारा: भाजपा
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता संबित पात्रा ने कहा है कि अनुच्छेद 370 पर पार्टी की विचारधारा में कोई बदलाव नहीं हुआ है। अनुच्छेद हटाने के लिए जम्मू कश्मीर विधानसभा में दो-तिहाई बहुमत की जरूरत है। भाजपा के पास वह नहीं है। पीडीपी के साथ गठबंधन सरकार विकास के एजेंडे पर बनाई गई है।
मोदी सरकार की एक साल की उपलब्धियां गिनाने के क्रम में रविवार को जम्मू में पत्रकार सम्मेलन में पात्रा ने कहा कि कांग्रेस की अगुवाई वाली यूपीए सरकार के पिछले दस सालों के कार्यकाल में देश में अविश्वास फैला। पूर्व प्रधानमंत्री डा. मनमोहन सिंह को अपने मंत्रियों की गतिविधियों तक की जानकारी नहीं रहती थी।
इस कारण देश में जमकर घोटाले हुए। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सरकार हो या देश की जनता उसमें विश्वास बहाली की है और केंद्र सरकार में अब प्रधानमंत्री को मंत्रियों की हर गतिविधि की जानकारी रहती है इसी वजह से कोई घोटाला तक की गुंजाइश नहीं है।
उन्होंने कहा कि यूपीए सरकार के कार्यकाल में प्रधानमंत्री पद की गरिमा गिरी और पीएम को हास्य का विषय बनाया गया, जिससे देश में अविश्वास का माहौल रहा। अब सब बदल चुका है।
पाक को पता है मजबूत है सरकार
उन्होंने कहा कि विदेश में भारत की गरिमा बढ़ी है। पाकिस्तान को भी पता चल चुका है कि अब भारत में मजबूत सरकार है। पाक उच्च आयुक्त के अलगाववादियों से बातचीत तक पर मोदी सरकार पाक से वार्ता बंद कर देती है। यूपीए सरकार में प्रधानमंत्री ने एक साल में 47 दिन विदेशी दौरे किए, लेकिन कहीं कोई उत्साह नहीं दिखा।
प्रधानमंत्री मोदी ने साल में 51 दिन विदेश का दौरा किया और हर जगह जबरदस्त उत्साह के साथ भारत का सीधा संदेश मिला। उन्होंने कहा कि आतंकवाद और अलगाववाद से देश कोई समझौता नहीं करेगा। पाकिस्तान से अब अगर कोई गोली आती है तो यहां से गोला जाता है।
एक सवाल के जवाब में उन्होंने कहा कि पीडीपी और भाजपा में वैचारिक असमानता तो है पर विकास के एजेंडे पर यह सरकार बनाई गई है ताकि विकास से जम्मू कश्मीर के लोग अछूते न रहें। कश्मीरी पंडित विस्थापितों की घाटी वापसी के सवाल पर पात्रा ने कहा कि विस्थापितों को विश्वास में लेकर ही घाटी वापसी करवाई जाएगी।
जम्मू में एम्स और कृत्रिम झील पर सवाल पर भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता ने कहा कि जन आकांक्षाओं से पार्टी इंसाफ करेगी।