अनुच्छेद 370 को नहीं भूली है भाजपा: जितेंद्र सिंह
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
केंद्रीय मंत्री जितेंद्र सिंह का कहना है कि भाजपा जम्मू-कश्मीर में अनुच्छेद 370 समेत अपने किसी भी सैद्धांतिक मुद्दे को नहीं भूली है। पार्टी अब भी श्यामा प्रसाद मुखर्जी की विचारधारा पर चल रही है।
लेकिन, फिलहाल राज्य में पीडीपी के साथ गठबंधन धर्म निभाया जा रहा है। भविष्य में जब पार्टी पूर्ण बहुमत की सरकार बनाएगी तो सभी सैद्धांतिक मुद्दों को उठाया जाएगा।
जितेंद्र सिंह ने रविवार को जम्मू-कश्मीर में गठबंधन और पार्टी के एजेंडे पर बेबाकी से अपनी राय बताई। उन्होंने कहा कि ढोंग करने का कोई कारण नहीं है। मैं ऐसी पार्टी से जुड़ा हूं, जिसने सभी परिस्थितियों में पूरी दृढ़ता के साथ अपने सिद्धांतों का पालन किया है।
पूर्ण बहुमत पाने पर उठाए जाएंगे सैद्धांतिक मुद्दे
राज्य में गठबंधन सरकार का हिस्सा होने पर उन्होंने साफ किया कि दोनों पार्टियों के बीच सैद्धांतिक अंतर है। उन्होंने कहा कि यही सत्य है और हमें इसे स्वीकार करना होगा। जितेंद्र सिंह के अनुसार वे राजनीति में मुखर्जी की विचारधारा को समझते हुए बड़े हुए हैं।
मुखर्जी एक निशान, एक विधान और एक प्रधान के समर्थक थे। ऐसे में हम सच्चाई, विरासत और अपने जन्म से दूर कैसे जा सकते हैं। हालांकि, उन्होंने स्वीकार किया कि गठबंधन में आपसी सहमति से एजेंडा तय होता है।
इसलिए गठबंधन में विवादास्पद मुद्दों को उठाने के बजाय हमने न्यूनतम साझा कार्यक्रम में तय विकास के एजेंडे पर चलने का फैसला किया है। केंद्रीय मंत्री कश्मीरी पंडितों की वापसी पर भी बोले। उन्होंने कहा कि 60 हजार कश्मीरी पंडितों की घाटी में सम्मानजनक और सुरक्षित वापसी होनी चाहिए। घाटी उनके बिना अधूरी है।